ुवुड्स ने अनिश्चितकाल के लिए गोल्फ छोड़ा, बेहतर पति बनना लक्ष्य (लीड-1)
वुड्स ने शुक्रवार को अपनी वेबसाइट पर जारी बयान में कहा कि उन्होंने गोल्फ से लंबे समय तक अलग होने का फैसला किया है कि ताकि वह बेहतर पति, अच्छे पिता और उम्दा इंसान बनने पर ध्यान दे सकें। कुछ दिन पहले तक लाखों युवाओं के आदर्श माने जाने वाले वुड्स ने अपनी गलतियों को स्वीकार किया। वुड्स ने कहा, "मुझे अच्छी तरह पता है कि मेरी वजह से कई लोगों, विशेषकर मेरी पत्नी एलिन नार्डेग्रेन, दोनों बच्चों और मेरी मां को काफी तकलीफ पहुंची है।"
एक के बाद एक कई महिलाओं से उनके कथित रिश्तों की बात सामने आने के बाद से वुड्स 29 नवंबर के बाद सार्वजनिक स्थान पर नजर नहीं आए हैं। खबरों में कहा गया है कि वुड्स के कई महिलाओं के साथ कथित संबंधों की बात उजागर होने उनकी पत्नी एलिन बेहद आहत हैं लेकिन वह अपने दो बच्चों की बेहतरी की खातिर शादीशुदा जिंदगी में बनी रह सकती हैं।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक विख्यात पत्रिका 'पीपुल' की एक ताजा रिपोर्ट में कहा गया है कि एलिन खुद ही अपने माता-पिता के अलगाव का गम बचपन में झेल चुकी हैं और वह नहीं चाहतीं कि उनके बच्चों को वैसे ही अनुभव से गुजरना पड़े। वुड्स और एलिन के उनके दोनों बच्चे अभी दो वर्ष से कम उम्र के हैं।
उनके एक खास दोस्त ने पत्रिका से कहा, "वह ऐसा कुछ नहीं करने वाली हैं जो उनके बच्चों सैम और चार्ली के लिए ठीक नहीं होगा। वह जानती हैं कि बच्चों के साथ माता-पिता का रहना कितना महत्वपूर्ण है। इसका कारण है कि वह बचपन में ही अपने माता-पिता के अलग होने का गम झेल चुकी हैं। उनके लिए परिवार के साथ रहना काफी महत्वपूर्ण है।"
वुड्स का पेशेवर जीवन भले ही मुश्किलों से घिरा हो लेकिन उनसे जुड़े प्रमुख प्रायोजकों में से एक खेल समाग्री निर्माता कंपनी-नाइकी ने उनके साथ समर्थन और सहयोग का वादा किया है। समाचार पत्र 'द आस्ट्रेलियन' के मुताबिक दुनिया की इस अग्रणी खेल सामग्री निर्माता कंपनी ने कहा है कि वह मुश्किल की इस घड़ी में वुड्स के साथ है।
कंपनी के मुताबिक वह वुड्स के साथ विज्ञापन संबंधी करार जारी रखेगी। वुड्स ने अपने साथ जुड़ी तमाम कंपनियों से यह कहते हुए माफी मांगी है कि गोल्फ से दूर जाने और उनकी खराब छवि के कारण कंपनियों को वित्तीय नुकसान हो सकता है, जिसके लिए वह काफी शर्मिदा महसूस कर रहे हैं।
इसे लेकर नाइकी ने अपना पक्ष साफ करते हुए अपने बयान में कहा है, "हमारा और वुड्स का संबंध एक दशक पुराना है। वह गोल्फ जगत की सबसे महान शख्सियत और आधुनिक युग के महानतम खिलाड़ियों में एक हैं। हम उनकी वापसी का इंतजार करेंगे।"
उल्लेखनीय है कि 29 नवंबर को फ्लोरिडा में हुई एक कार दुर्घटना के बाद अब तक लगभग 11 महिलाएं वुड्स के साथ अवैध संबंधों की बात स्वीकार कर चुकी हैं। वुड्स की इस बेवफाई से नाराज उनकी पत्नी एलिन ने एक समय उन्हें तलाक देने का मन बना लिया था लेकिन अब वह वुड्स के साथ रहने को तैयार हो गई हैं। एलिन ने कहा है कि वह अपने दो बच्चों की खातिर वुड्स के साथ वैवाहिक संबंध बनाए रखना चाहती हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications