हरभजन और प्रवीण का संघर्ष बेकार, भारत 4 रन से हारा (राउंडअप)
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आस्ट्रेलियाई टीम ने कप्तान रिकी पोंटिंग (74 रन, 85 गेंद, 8 चौके, 2 छक्के), माइकल हसी (73 रन, 54 गेंद, 8 चौके, 1 छक्का), टिम पेन (50 रन, 62 गेंद, 9 चौका) और कैमरून व्हाइट (51 रन, 68 गेंद, 3 चौके, 1 छक्का) की उम्दा बल्लेबाजी की मदद से निर्धारित 50 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 292 रन बनाए।
मेहमान टीम की शुरुआत निराशाजनक रही थी। उसे शेन वॉटसन के रूप में पहला झटका लगा था। टीम के स्कोर में मात्र पांच रन जुड़े थे कि आशीष नेहरा की गेंद पर वॉटसन पगबाधा करार दिए गए। उन्होंने महज पांच रन बनाए।
वाटसन के पेवेलिन लौटने के बाद कप्तान पोंटिंग ने पेन के साथ मिलकर पारी संभाल ली। पेन 50 रन बनाकर ईशांत शर्मा की गेंद पर पेवेलियन लौटे। पोटिंग 74 रन बनाकर रवींद्र जडेजा की गेंद पर आउट हुए। उन्होंने इस अर्धशतकीय पारी में 85 गेंदों का सामना किया और आठ चौके व दो छक्के जड़े।
पोंटिंग के आउट होने के बाद हसी और व्हाइट ने संभलकर और सूझबूझ के साथ पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 76 रन जोड़े। व्हाइट 50 रन बनाकर पेवेलियन लौट गए लेकिन हसी पारी की समाप्ति से ठीक पहले तक मैदान पर डंटे रहे। उन्होंने 74 रनों का योगदान दिया। मिशेल जॉनसन ने भी 14 रन बनाए।
भारत की ओर से तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा ने तीन विकेट झटके जबकि आशीष नेहरा को दो सफलता मिली। इसके अलावा रवींद्र जडेजा और हरभजन सिंह ने भी एक-एक विकेट हासिल किए।
जवाब में खेलने उतरी भारतीय टीम ने भी खराब शुरुआत की। पारी शुरू करने उतरे वीरेंद्र सहवाग (13) और सचिन तेंदुलकर (14) 45 रन के कुल योग पर ही पेवेलियन लौट गए। इसके बाद गौतम गंभीर (68 रन, 85 गेंद, छह चौके, 1 छक्का) और विराट कोहली (30 रन, 41 गेंद, 3 छक्का) ने तीसरे विकेट के लिए 58 रन जोड़कर कुल योग को 103 रनों तक पहुंचाया।
इसी योग पर कोहली एडम वोग्स के शिकार बने। अब पारी को संवारने की जिम्मेदारी गंभीर और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (34 रन, 46 गेंद, चार चौके) के कंधों पर आ गई। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 64 रन जोड़े। गंभीर के आउट होने के बाद धौनी भी संघर्ष करते दिखे और सुरेश रैना (9) के पेवेलियन लौटने के तुरंत बाद वह भी अपना विकेट गंवा बैठे।
बहरहाल, इन तीन बल्लेबाजों की संघर्षपूर्ण पारियों की मदद से भारत ने 40वें ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 201 रन बना लिए थे। इस स्थिति तक भारत की जीतने की उम्मीद करना बेमानी थी लेकिन जडेजा (5) के आउट होने के बाद बल्लेबाजी के लिए हरभजन और प्रवीण ने एक के बाद एक लगातार चौके और छक्के जड़ते हुए टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया था।
हरभजन और प्रवीण ने अपने करियर की बेहतरीन पारी खेलते हुए आठवें विकेट के लिए 84 रन जोड़ दिए थे लेकिन शायद होनी को भारत की जीत मंजूर नहीं थी। इसी बीच तेज गेंदबाज पीटर सिडल ने 285 रन के कुल योग पर हरभजन का विकेट चटकाकर अपनी टीम की जीत लगभग पक्की कर दी।
हरभजन ने 31 गेंदों की अपनी तूफानी पारी के दौरान चार चौके और तीन छक्के ज़ड़े। उनके आउट होने के बाद प्रवीण और आशीष नेहरा उतने विस्फोटक नहीं हो सके, जो जीत के लिए जरूरी थी। इसी का नतीजा था कि भारतीय टीम निर्धारित 50 ओवरों की समाप्ति पर आठ विकेट के नुकसान पर 288 रन ही बना सकी।
प्रवीण 32 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 40 रन बनाकर नाबाद लौटे। महज 54 गेंदों पर 73 रन बनाकर आस्ट्रेलियाई पारी को मजबूती देने वाले हसी को 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया।
भारतीय टीम आस्ट्रेलिया के हाथों बेशक हार गई लेकिन इस टीम ने अपनी संघर्षशक्ति को जगाकर संकेत दे दिया है कि मेहमान टीम के लिए आगे का सफर आसान नहीं होगा।
इस रोमांचक मुकाबले में मिली जीत के साथ मेहमान टीम ने सात मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली है। श्रृंखला का दूसरा मैच नागपुर के विदर्भ क्रिकेट संघ मैदान पर 28 अक्टूबर को खेला जाना है। यह मैच दिन-रात का होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications