हमारे लिए जरूरी है जीत के साथ शुरुआत : धौनी
ढाका, 18 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने शुक्रवार को कहा कि उनकी टीम के लिए आईसीसी विश्व कप-2011 का आगाज जीत के साथ करना बेहद जरूरी है। भारत का पहला मैच शनिवार को बांग्लादेश के साथ होना है।
चार वर्ष पहले वेस्टइंडीज में खेले गए विश्व कप के नौवें संस्करण में बांग्लादेश ने पहले ही मुकाबले में भारत को पटखनी दी थी लेकिन धौनी को इसकी चिंता नहीं है। धौनी ने कहा कि पहला मुकाबला खेलने के लिए उतरते वक्त उनके साथियों के दिमाग में चार वर्ष पहले मिली हार की बात आएगी ही नहीं।
कप्तान ने कहा कि दो अभ्यास मैचों को जीतकर टीम इंडिया ने अच्छी शुरुआत के लिए जरूरी लय हासिल कर लिया है और अब 'हमारे लिए विश्व कप की शुरुआत जीत के साथ करने का वक्त आ गया है।'
धौनी ने कहा कि उनके साथी चार वर्ष पहले की घटना को याद नहीं करना चाहती क्योंकि 'हम हरगिज नहीं चाहते कि इस तरह की घटना दोबारा हो।'
जहीर खान की फिटनेस के बारे में पूछे जाने पर धौनी ने कहा, "अब वह फिट हैं लेकिन इस सम्बंध में मुझे टीम के फिजियो से बात करनी है। इसके बाद मैं आपको उचित जानकारी दे सकूंगा।"
जहीर दोनों अभ्यास मैचों में नहीं खेल सके थे। मांसपेशियों में खिंचाव के कारण वह प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन भी अभ्यास नहीं कर सके थे लेकिन शुक्रवार को धौनी के संवाददाता सम्मेलन के बाद उन्हें अभ्यास करते हुए देखा गया।
यह पूछे जाने पर कि भारत को सम्भावित विजेता क्यों माना जा रहा है? धौनी ने कहा, "मेरे हिसाब से इसमें बीते दो वर्षो के प्रदर्शन का बड़ा हाथ है। हम कई एकदिवसीय मैचों में अपने प्रमुख खिलाड़ियों के बगैर खेले लेकिन इसके बावजूद हम जीत हासिल करने में सफल रहे। हो सकता है कि यही कारण हो कि हमें खिताब का दावेदार माना जा रहा हो। इसमें घरेलू हालात भी शामिल हो सकता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications