आईपीएल : कोच्चि टीम की कमान जयवर्धने को
नई दिल्ली, 12 फरवरी (आईएएनएस)। कोच्चि फ्रेंचाइजी टीम के मालिकों ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के चौथे संस्करण के लिए श्रीलंका के माहेला जयवर्धने को अपनी टीम का कप्तान नियुक्त किया है। साथ ही साथ फ्रेंचाइजी सौरव गांगुली को टीम प्रबंधन में शामिल करने की योजना बना रही है।
कोच्चि टीम के अध्यक्ष मुकेश पटेल ने कहा कि जयवर्धने टीम के पहले सत्र के लिए कप्तान नियुक्त किए गए हैं। फ्रेंचाइजी ने जयवर्धने को 15 लाख डॉलर खर्च करके अपने साथ जोड़ा है।
पटेल ने आईएएनएस से कहा, "हम खुश हैं कि हमारे पास जयवर्धने हैं। वह अच्छे कप्तान हैं और उन्हें हासिल करना हमारा मुख्य मकसद था। मुझे यकीन है कि उनके नेतृत्व में हमारी टीम अच्छा खेलेगी।"
"जहां तक गांगुली की बात है तो वह बहुत अनुभवी हैं और इस लिहाज से वह टीम के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकते हैं। हम तो उन्हें अब भी अपने साथ जोड़ना चाहते हैं लेकिन मजबूर हैं। वैसे हम उन्हें अपने थिंक-टैंक में शामिल कर युवाओं को प्रशिक्षण दिलाना चाहते हैं।"
यह पूछे जाने पर कि आखिर फ्रेंचाइजी नीलामी के बाद गांगुली को क्यों हासिल करना चाहती थी? पटेल ने कहा, "नीलामी के समय तक टीम की रणनीति तय नहीं हुई थी। इस सम्बंध में जब हमने फैसला किया और गांगुली को बतौर खिलाड़ी अपने साथ जोड़ने का प्रयास शुरू किया, गवर्निग काउंसिल ने नियमों का हवाला देकर इसमें अड़चन डाल दिया।"
"नीलामी में तो हम गांगुली को अपने साथ जोड़ने के पक्ष में नहीं थे लेकिन जैसे ही हमने इसके लिए मन बनाया, नीलामी खत्म हो चुकी थी। इसके बाद भी हमने प्रयास किया लेकिन गवर्निग काउंसिल ने ऐसा नहीं करने दिया। हम जानते थे कि गांगुली हमारी जैसी नई टीम के लिए बहुत फायदेमंद साबित होते। यही कारण है कि अब हम उन्हें अपनी रणनीति बनाने वाली टीम का हिस्सा बनाना चाहते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications