दलीप ट्रॉफी : पश्चिम क्षेत्र को हराकर उत्तर क्षेत्र फाइनल में
मैच के चौथे और अंतिम दिन शनिवार को उत्तर क्षेत्र द्वारा जीत के लिए रखे गए 485 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पश्चिम क्षेत्र ने तीन विकेट के नुकसान पर 61 रन बनाए। इसके बाद मैच को ड्रॉ घोषित कर दिया गया।
उत्तर क्षेत्र ने अपनी पहली पारी में मनदीप सिंह के 114 और उदय कौल के 89 रनों की मदद से 460 रन बनाए थे जबकि उसने अपनी दूसरी पारी में मिथुन मन्हास के नाबाद 158 रनों की बदौलत 421 रन बनाए। पश्चिम क्षेत्र की पहली पारी 397 रनों पर सिमट गई थी जिसमें रविंद्र जडेजा ने नाबाद 170 रनों की पारी खेली थी।
पश्चिम क्षेत्र की दूसरी पारी की शुरुआत खराब रही और उसके सलामी बल्लेबाज हर्षद खादीवाले 40 गेंदों पर चार चौके की मदद से 21 रन बनाकर चलते बने। उन्हें सुमित नरवाल ने उदय के हाथों लपकवाया। खादीवाले का विकेट 26 के योग पर गिरा।
अंजिक्य रहाणे 19 रन के निजी योग पर विकास शर्मा की गेंद पर जोगिंदर शर्मा के हाथों लपके गए। उन्होंने 23 गेंदों पर दो चौके और एक छक्का लगाया। रहाणे का विकेट 52 के योग पर गिरा।
साहिल कुकरेजा 46 गेंदों पर एक चौके की मदद से 12 रन बनाकर विकास की गेंद पर उन्ही को कैच थमा बैठे। कुकरेजा का विकेट 59 के योग पर गिरा।
उत्तर क्षेत्र की ओर से विकास ने सर्वाधिक दो विकेट झटके जबकि एक विकेट नरवाल के खाते में गया। इससे पहले, उत्तर क्षेत्र की ओर से चौथे दिन की शुरुआत शुक्रवार के नाबाद लौटे बल्लेबाज मन्हास (48) और यशपाल सिंह (8) ने की। उत्तर क्षेत्र ने तीसरे दिन तीन विकेट पर 191 रन बनाए थे।
यशपाल अपने कल के स्कोर में 34 रन जोड़कर 42 के निजी योग पर भार्गव भट्ट की गेंद पर पीनल शाह के हाथों लपके गए। यशपाल ने 54 गेंदों पर छह चौके और एक छक्का लगाया। यशपाल ने मन्हास के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 96 रनों की साझेदारी की। यशपाल का विकेट 253 रनों के योग पर गिरा।
सुमित नरवाल ने 50 रनों की पारी खेली। नरवाल ने अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान 68 गेंदों पर छह चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने मन्हास के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए 103 रन जोड़े।
इसके अलावा अमित मिश्रा (6), जोगिंदर (2) और पवन सुयाल (4) ने निराश किया जबकि विकास बिना कोई रन बनाए आउट हुए। पश्चिम क्षेत्र की ओर से समद फल्लाह और भट्ट ने चार-चार विकेट झटके जबकि एक-एक विकेट जयदेव उनादकट और जडेजा के खाते में गया। एक अन्य सेमीफाइनल मुकाबले में दक्षिण क्षेत्र ने मध्य क्षेत्र को 552 रनों से हराया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications