कराची, 15 दिसम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने दावा किया है कि नेपियर में न्यूजीलैंड के साथ खेले गए तीसरे टेस्ट मैच के अंतिम दिन मंगलवार को पाकिस्तानी क्रिकेट टीम नस्लीय टिप्पणी का शिकार हुई है। पीसीबी ने इस संबंध में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से शिकायत करने का फैसला कर लिया है।
पीसीबी अध्यक्ष एजाज बट्ट ने कहा कि टीम प्रबंधन ने हालांकि इस संबंध में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है लेकिन मैक्लीन पार्क में पाकिस्तानी टीम नस्लीय टिप्पणी का शिकार हुई है।
बट्ट ने कहा, "मैं इस संबंध में आईसीसी से बात करूंगा। उससे पहले हमें टीम प्रबंधन की ओर से लिखित शिकायत का इंतजार है।"
बट्ट ने बताया कि मैक्लीन पार्क में मौजूद न्यूजीलैंड के सांसद क्रिस ट्रेमेन के भाई और उसके 17 दोस्तों ने वीआईपी क्षेत्र में स्थित कॉरपोरेट बॉक्स में बैठक 'पाकिस्तानी आतंकवादी' के नारे लगाए।
इसे देखते हुए शाम लगभग पांच बजे मैदान में स्थित स्कोर बोर्ड पर एक संदेश लिखकर उन 17 शरारती लड़कों को किसी तरह की नस्लीय टिप्पणी नहीं करने की हिदायत दी गई। स्कोर बोर्ड पर लिखा गया , 'कृपया कोई नस्लीय टिप्पणी न करें।'
पाकिस्तानी टीम के प्रबंधक अब्दुल रकीब ने कहा कि उनके खिलाड़ियों ने अपने संबंध में कही गई नस्लीय टिप्पणी नहीं सुनी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।