हेनरिक्स भी लौटेंगे स्वदेश, सिडल के स्थानापन्न का नाम घोषित (लीड-1)
पहले कहा जा रहा था कि हेनिरिक्स पांच नवंबर को स्थानीय राजीव गांधी स्टेडियम में भारत के साथ होने वाले पांचवें एकदिवसीय मुकाबले में नहीं खेल सकेंगे लेकिन अब वेबसाइट 'क्रिक इंफो' के माध्यम से खबर आई है कि हेनरिक्स को भी स्वदेश लौटना होगा। रोचक बात यह है कि उन्हें जेम्स होप्स के स्थान पर टीम में शामिल किया गया था।
बहरहाल, क्रिकेट आस्ट्रेलिया ने हेनरिक्स और कमर में तकलीफ के कारण स्वदेश रवाना हो चुके तेज गेंदबाज पीटर सिडल के स्थानापन्न की घोषणा कर दी है। इन दोनों खिलाड़ियों के स्थान पर विक्टोरिया के ऑलराउंडर एंड्रयू मैक्डोनॉल्ड और न्यू साउथ वेल्स के तेज गेंदबाज बर्ट कॉकले को भारत भेजा जा रहा है। दोनों खिलाड़ी रविवार को गुवाहाटी में खेले जाने वाले छठे मुकाबले के लिए टीम के साथ होंगे।
सीए के मुताबिक हेनरिक्स की जांघ की मांसपेशी में खिंचाव है और उन्हें आराम की सलाह दी गई है। मोहाली में खेले गए चौथे मुकाबले के दौरान क्षेत्ररक्षण करते वक्त हेनरिक्स को चोट लगी थी। हेनरिक्स को सावधानीवश स्वदेश भेजने का फैसला किया गया है।
इसके साथ आस्ट्रेलियाई टीम के चोटिल खिलाड़ियों की संख्या पांच हो गई है। इससे पहले विकेटकीपर बल्लेबाज टिम पेन, हरफनमौला खिलाड़ी जेम्स होप्स, तेज गेंदबाज ब्रेट ली और सिडल को अलग-अलग तरह की चोटों के कारण स्वदेश लौटाया जा चुका है। नियमित विकेटकीपर ब्रैड हेडिन के स्थान पर टीम में शामिल किए गए पेन को अंगुली टूटने के कारण स्वदेश भेजा गया था जबकि होप्स की जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव था। वह वडोदरा में पहले मुकाबले में खेले थे।
दूसरी ओर, ली को कोहनी में सूजन के कारण इस श्रृंखला को बीच में ही छोड़कर घर लौटना पड़ा। सिडल को शरीर के बाएं हिस्से में अकड़न के कारण स्वदेश भेजा गया है। इस बीच, सीए ने खबर दी है कि ब्रेट ली का स्थान लेने के लिए विक्टोरिया के गेंदबाज क्लिंटन मैके अपनी टीम के साथ जुड़ गए हैं। हेनरिक्स के चोटिल होने के बाद मैके का हैदराबाद में खेलना तय माना जा रहा है।
सात मैचों की श्रृंखला के चौथे मुकाबले में भारत को 24 रनों से हराकर आस्ट्रेलिया ने श्रृंखला में 2-2 की बराबरी कर ली। भारतीय टीम ने दिल्ली में खेले गए तीसरे मुकाबले में उसे छह विकेट से हराकर 2-1 की बढ़त बनाई थी। पहला मैच वडोदरा में खेला गया था। आस्ट्रेलिया ने यह मैच चार रन से जीता था जबकि नागपुर में खेले गए दूसरे मुकाबले में मेजबान टीम ने 99 रनों से जीत हासिल की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications