मंगलवार को मिली इस जीत के साथ भारतीय टीम अपने ग्रुप में न्यूजीलैंड के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर पहुंच गई है। पहले मुकाबले में भारत को बराबरी पर रोकने के बाद न्यूजीलैंड ने अपने दूसरे ग्रुप मुकाबले में बेल्जियम को 4-1 से मात दी।
भारत के लिए प्रभजोत सिंह ने सातवें मिनट, राजपाल सिंह ने 35वें मिनट, सरवनजीत सिंह ने 56वें और शिवेंद्र सिंह ने 70वें मिनट में गोल किए। चीन की ओर से एकमात्र गोल यू सोंग ने 41वें मिनट में किया।
अपने पहले मैच में खराब खेल दिखाने वाली भारतीय टीम ने चीन की टीम पर लगातार हमले किए। इसी का नतीजा था कि उसे कई पेनाल्टी कार्नर मिले। पहला पेनाल्टी कार्नर बेकार जाने के बाद भारतीय टीम ने दूसरे और तीसरे मौकों को भुनाते हुए पर दो गोल दागे।
न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने दम पर कई गोल बचाने वाले भारतीय गोलकीपर एडिर्र्यन डीसूजा ने इस मैच में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए चीनी खिलाड़ियों के कई प्रयासों को बेकार साबित किया। भारतीय टीम मध्यांतर तक 2-0 से आगे थी।
मंगलवार को खेले गए अन्य ग्रुप मैचों में अर्जेटीना ने पाकिस्तान को 3-1 से पराजित किया। पूल-बी में अर्जेटीना ने दो मैचों से छह अंक जुटाए हैं। दक्षिण अफ्रीका तालिका में दूसरे और पाकिस्तान तीसरे स्थान पर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।