पर्थ टेस्ट : आस्ट्रेलिया ने कसा शिकंजा
आस्ट्रेलिया द्वारा जीत के लिए दिए गए 391 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की दूसरी पारी 81 रन पर पांच विकेट गंवाकर मुश्किल में घिर गई है। इंग्लैंड अभी भी आस्ट्रेलिया से 310 रन पीछे है जबकि मैच में दो दिन शेष है।
नाइट वाचमैन जेम्स एंडरसन बिना खाता खोले क्रीज पर मौजूद हैं। आस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 268 रन बनाए थे वहीं दूसरी पारी में 309 रन बनाए। इंग्लैंड की पहली पारी 187 रनों पर सिमट गई थी।
सलामी बल्लेबाज एलिस्टर कुक को 13 के निजी स्कोर पर हैरिस की गेंद पर पगबाधा करार दिए गए। कुक ने 16 गेंदों पर एक चौका लगाया।
कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस 35 गेंदों का सामना कर तीन चौकों की मदद से 15 रन बनाए। स्ट्रॉस को जानसन ने रिकी पोंटिंग के हाथों कैच करवाया। कुक और स्ट्रॉस ने पहले विकेट के लिए 23 रन जोड़े।
पहली पारी में शून्य पर पेवेलियन लौटने वाले केविन पीटरसन दूसरी पारी में भी असफल रहे और तीन रन बनाकर बेन हिल्फेनहॉस की गेंद पर शेन वाटसन को कैच देकर चलते बने।
जोनाथन ट्रॉट ने विकेट पर रूकने की कोशिश की लेकिन वह भी 31 रन बनाकर जानसन की गेंद पर विकेटकीपर ब्रैड हैडिन को कैच थमा बैठे। ट्रॉट ने 61 गेंदों पर तीन चौके लगाए।
पॉल कोलिंगवुड 27 गेंदों पर एक चौके की मदद से 11 रन बनाए। कोलिंवुड को हैरिस की गेंद पर स्टीवन स्मिथ ने लपका।
इससे पहले, आस्ट्रेलिया ने तीसरे दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 119 रनों से आगे खेलना शुरू किया। कल के नाबाद लौटे बल्लेबाज शेन वाटसन (61) और माइकल हसी (24) ने पारी को सम्भालने की कोशिश की।
वाटसन अपने शतक से पांच रन दूर थे कि तेज गेंदबाज क्रिस ट्रेमलेट ने उन्हें 95 रन के निजी स्कोर पर पगबाधा आउट किया। वाटसन ने 174 गेंदों पर 11 चौके लगाए। वाटसन ने इसी के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 113 रनों की साझेदारी की।
हरफनमौला स्मिथ 62 गेंदों पर दो चौके की मदद से 36 रन बनाए। स्मिथ को ट्रेमलेट ने प्रायर के हाथों कैच करवाया। स्मिथ ने हसी के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 75 रनों की साझेदारी की।
पीटर सिडल (8), हैडिन (7), जानसन (1), हैरिस (1) ने मायूस किया। बेन हिल्फेनहॉस बिना खाता खोले नाबाद लौटे।
हसी ने एक छोर सम्भाले रखा और शानदार 116 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान 172 गेंदों पर 15 चौके लगाए।
इंग्लैंड की ओर से क्रिस ट्रेमलेट ने सर्वाधिक पांच विकेट झटके जबकि स्टीवन फिन ने तीन और एंडरसन तथा कोलिंगवुड ने एक-एक विकेट चटकाए।
पांच मैचों की ऐशेज श्रृंखला में मेजबान टीम 0-1 से पिछड़ रही है। उसे एडिलेड में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में पारी और 71 रनों से हार का सामना करना पड़ा था जबकि ब्रिस्बेन में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भी इंग्लैंड ने उसे अपनी बल्लेबाजी के दम पर दोयम साबित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications