खबर लिखे जाने तक बांग्लादेश ने 27 ओवरों की समाप्ति तक पांच विकेट खोकर 116 रन बना लिए थे। महमुदुल्लाह पांच रन बनाकर खेल रहे थे जबकि नईम इस्लाम ने छह रन बनाए थे।
बांग्लादेश की शुरुआत खराब रही। उसका पहला विकेट मात्र 8 रन के कुल योग पर गिर गया। इसके बाद उसे किसी बल्लेबाज का सहारा नहीं मिला। रकीबुल हसन (31), सकीबुल हसन (20) और मुशफिकुर रहीम (23) ने थोड़ा संघर्ष किया लेकिन वे अपनी टीम को सम्मानजनक स्थिति में नहीं पहुंच सके।
तमीम इकबाल (1), जुनैद सिद्दीकी (19)और मोहम्मद अशरफुल (5) ने निराश किया। अशरफुल रन आउट हुए। जिंबाब्वे की ओर से स्टुअर्ट मैत्सकैनिएरी ने दो विकेट चटकाए हैं जबकि क्रिस मोफू और ग्रीम क्रेमर ने एक-एक सफलता हासिल की है।
इससे पहले, टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिंबाब्वे की टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 221 रन बनाए।
जिंबाब्वे की ओर से ब्रेंडन टेलर ने शानदार शतक लगाया। अपने करियर का पहला शतक लगाने वाले टेलर ने 125 गेंदों का सामना करते हुए सात चौकों और चार छक्कों की मदद से 118 रनों की पारी खेली।
इसके अलावा एल्टन चिगुंबुरा ने 38 रनों का योगदान दिया। चिगुंबुरा ने 38 गेंदों पर छह चौके लगाए। इसके अलावा जिंबाब्वे का कोई और बल्लेबाज अपनी टीम के लिए कुछ खास योगदान नहीं दे सका।
बांग्लादेश की ओर से अब्दुर रज्जाक, सकीबुल और महमुदुल्लाह ने तीन-तीन विकेट झटके। पांच मैचों की श्रृंखला में मेजबान टीम 3-1 से आगे चल रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।