मेलबर्न, 29 दिसम्बर (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया के महान स्पिनर शेन वार्न ने अपने देश के प्रधानमंत्री केविन रुड के आग्रह पर कहा कि वह कमेंट्री बॉक्स में ही खुश हैं। रुड ने उनसे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी का आग्रह किया था।
बीते रविवार को एक टेलीविजन कार्यक्रम में रुड ने कहा कि था कि आस्ट्रेलियाई टीम के हितों और भविष्य को देखते हुए वार्न को संन्यास तोड़कर मैदान पर फिर से वापसी करनी चाहिए। इस पर वार्न ने रुड का आभार जताया लेकिन वापसी की संभावना से इंकार किया। वार्न ने वर्ष 2007 में संन्यास ले लिया था।
स्थानीय समाचार पत्र 'हेराल्ड सन' के अनुसार वार्न ने अपने ब्लॉग पर कहा, "प्रधानमंत्री के इस आग्रह से मैं बहुत खुश हुआ हूं। परंतु मेरी वापसी पर घनघोर संशय है। मैं कमेंट्री बॉक्स में अच्छा हूं।"
उन्होंने कहा, "कई देशों में मुझे ट्वेंटी-20 टूर्नामेंट खेलने के प्रस्ताव मिले हैं और मुझे स्काई चैनल की ओर से कमेंट्री का भी प्रस्ताव मिला है। ऐसे में पूरी संभावना है कि मैं कमेंटी के इस प्रस्ताव को ही स्वीकार करूं।"
वार्न ने कहा कि वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में रॉजस्थान रॉयल्स की ओर ख्ेालते रहे हैं और आगे भी खेलते रहेंगे। वह रॉयल्स के कप्तान हैं।
उल्लेखनीय है कि वार्न ने अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर के 145 टेस्ट मैचों में 708 विकेट और 194 एकदिवसीय मैचों में 293 विकेट अपने नाम किए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।