धन के अभाव की भेंट चढ़ा दृष्टिहीनों का क्रिकेट टूर्नामेंट
श्वेता श्रीनिवासन
नई दिल्ली, 5 दिसम्बर (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की तर्ज पर अगले वर्ष फरवरी में आयोजित होने वाले इंडियन ब्लाइंड क्रिकेट लीग (आईबीसीएल) का आयोजन धनाभाव की वजह से ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है।
आईबीसीएल को टालने के पीछे की एक और वजह दिल्ली में चल रही राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियां भी हैं। इस टूर्नामेंट को आयोजित करने का मकसद दृष्टिहीनों के क्रिकेट को लोकप्रिय बनाना और दृष्टिहीन क्रिकेटरों के भीतर उत्साह जगाना था।
गौरतलब है कि आईबीसीएल के लिए धन उपलब्ध न होने की वजह प्रायोजकों की बेरुखी भी रही। इस टूर्नामेंट के लिए कोई भी प्रायोजक सामने नहीं आया और आयोजकों को मजबूरन टूर्नामेंट का आयोजन टालना पड़ा।
'एसोसिएशन फॉर क्रिकेट फॉर ब्लाइंड इन इंडिया' के संस्थापक जॉर्ज अब्राहम ने आईएएनएस से कहा, "हम अगले साल फरवरी में आईबीसीएल का आयोजन नहीं कर रहे हैं। संभवत: यह थोड़ा बाद में आयोजित किया जाएगा। तब तक हम सामुदायिक क्रिकेट के जरिए दृष्टिहीन क्रिकेटरों में उत्साह जगाने का काम करते रहेंगे।"
उन्होंने कहा, "इस टूर्नामेंट को टालने के पीछे की मुख्य वजह यह है कि धन की कमी पड़ रही थी। इस स्तर के टूर्नामेंट के आयोजन के लिए बहुत सारे पैसों की जरूरत पड़ती है। इसके अलावा फरवरी में राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियां भी जोरों पर होंगी। इसलिए इसका आयोजन उचित नहीं रहेगा।"
उल्लेखनीय है कि दृष्टिहीन क्रिकेटरों की भारतीय टीम ने पिछले कुछ वर्षो के दौरान कई उपलब्धियां हासिल कीं। हाल के इंग्लैंड दौरे में भारतीय टीम ने मेजबान टीम को एकदिवसीय श्रृंखला में 5-0 से मात दे दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications