विशाखापट्टनम पुलिस प्रमुख द्वारा सुरक्षा मुहैया कराने जाने में असमर्थता व्यक्त किए जाने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इस मैच को विदर्भ क्रिकेट संघ (वीसीए) मैदान पर कराने का फैसला किया है। इस मैदान पर दोनों टीमों के बीच बीते बुधवार को ट्वेंटी-20 मैच खेला गया था।
बीसीसीआई सचिव एन. श्रीनिवासन ने सोमवार को जारी अपने बयान में कहा, "विशाखापट्नम में 18 दिसंबर को खेले जाने वाले भारत-श्रीलंका एकदिवसीय मुकाबले को अब नागपुर में कराने का फैसला किया गया है। यह मैच निर्धारित तारीख को ही होगा। सुरक्षा कारणों से यह फैसला लिया गया है।"
इससे पहले, विशाखापट्टनम के पुलिस प्रमुख एस. राव ने सोमवार सुबह कहा कि भारी विरोध प्रदर्शनों के बीच उनके महकमे के लिए इस मैच के मद्देनजर सुरक्षा की व्यवस्था कर पाना मुश्किल लग रहा है। ऐसे में बीसीसीआई को इस मैच को कहीं और कराने के बारे में विचार करना चाहिए।
विरोध प्रदर्शनों के कारण इस मैच के लिए टिकटों की बिक्री शुक्रवार को बंद कर दी गई थी। आंध्र प्रदेश क्रिकेट संघ ने कहा था कि मैच के लिए टिकट की बिक्री रविवार और सोमवार को शुरू होगी लेकिन इलाके में दो दिनों से जारी तनाव के कारण इस प्रक्रिया में कोई प्रगति नहीं हो सकी।
भारत और श्रीलंका की क्रिकेट टीमों के बीच पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला खेली जानी है। इस श्रृंखला का पहला मैच 15 दिसंबर को गुजरात के शहर राजकोट में खेला जाएगा। तीसरा मैच 21 दिसंबर को कटक में, चौथा मैच 24 दिसंबर को कोलकाता में और पांचवां मैच 27 दिसंबर को नई दिल्ली में खेला जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*