सेंचुरियन टेस्ट : टीम इंडिया ने पहला टेस्ट गंवाया (लीड-2)
इस मैच में भले भारत हार गया हो लेकिन मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने इस दौरान अपने टेस्ट करियर के शतकों का अर्धशतक पूरा किया। तेंदुलकर ने यह मुकाम अपने 175वें टेस्ट में हासिल किया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम पहली पारी में 136 रनों पर सिमट गई थी जबकि दक्षिण अफ्रीका ने इसके जवाब में 4 विकेट पर 620 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित की थी।
दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी के आधार पर 484 रनों से पिछड़ रही भारतीय टीम की दूसरी पारी 459 रनों पर ढेर हो गई।
भारत की ओर से दूसरी पारी में तेंदुलकर ने 241 गेंदों पर 13 चौके और एक छक्के की मदद से सर्वाधिक 111 रन बनाए और वह अंत तक नाबाद रहे।
कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (90), सलामी बल्लेबाज गौतम गम्भीर (80), वीरेंद्र सहवाग (63) और राहुल द्रविड़ (43) ने उपयोगी पारियां खेलीं।
दक्षिण अफ्रीका की और से 'मैन ऑफ द मैच' रहे जैक्स कैलिस ने नाबाद 201 रन जबकि हाशिम अमला ने 140 रन बनाए तथा अब्राहम डीविलियर्स ने 129 रनों की पारी खेली। सलामी बल्लेबाज अल्वीरो पीटरसन ने 77 जबकि कप्तान ग्रीम स्मिथ ने 62 रन बनाए।
तेज गेंदबाज डेल स्टेन और मोर्न मोर्कल ने मैच में कुल सात-सात विकेट झटके जबकि कैलिस और हैरिस के खाते में दो-दो विकेट गए।
हार से निराश धौनी ने कहा,"टॉस जीतना ही आधा मैदान मार लेना जैसा होता है। दक्षिण अफ्रीका ने शानदार प्रदर्शन किया। अफ्रीकी गेंदबाजों ने अच्छी गेंदबाजी की। हमारे लिए यह अच्छी बात रही कि कई बल्लेबाजों ने दूसरी पारी में अच्छी बल्लेबाजी की जो टीम के लिए अच्छा है।"
जीत से गदगद ग्रीम स्मिथ ने कहा,"इस जीत से मैं बेहद खुश हैं। यह एक बड़ी श्रृंखला है। हमारे गेंदबाजों ने पहले दिन अच्छी गेंदबाजी की। उम्मीद करता हूं कि हम आगे भी शानदार प्रदर्शन करेंगे।"
श्रृंखला का दूसरा मुकाबला 26 दिसम्बर से डरबन में खेला जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications