Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

अभ्यास मैच : आयरलैंड ने जिम्बाब्वे को 4 विकेट से हराया (लीड-2)

जिम्बाब्वे द्वारा रखे गए 245 रनों के लक्ष्य को आयरलैंड ने छह विकेट के नुकसान पर तीन गेंद शेष रहते 245 रन बनाकर हासिल कर लिया। जिम्बाब्वे ने निर्धारित 50 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 244 रन बनाए जिसमें कप्तान एल्टन चिगुम्बुरा के नाबाद 103 रनों की पारी शामिल थी।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और उसके सलामी बल्लेबाज पॉल स्टर्लिग बिना खाता खोले शिंगराई मासाकद्जा की गेंद पर क्रेग एर्विन के हाथों लपके गए।

नियाल ओ'ब्रायन ने 22 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 15 रन बनाए। ब्रायन को रे प्राइस ने मासाकाद्जा के हाथों कैच करवाया।

अलेक्स क्यूसैक ने पारी को सम्भालने की कोशिश की लेकिन वह भी 47 के निजी योग पर ग्रीम क्रेमर की गेंद पर चिगुम्बुरा को कैच थमाकर चलते बने। ब्रायन और क्यूसैक ने दूसरे विकेट के लिए 39 रन जोड़े।

एंड्रयू व्हाइट ने 31 गेंदों पर एक चौके की मदद से 19 रन बनाए। उन्हें सीन विलियम्स ने बोल्ड किया। व्हाइट ने क्यूसैक के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 47 रन जोड़े।

बोथा ने 101 गेंदों पर पांच चौके लगाए। बोथा ने ओ'ब्रायन के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी की। गैरी विल्सन ने सात रन बनाए। उन्हें प्राइस ने ग्रेग लैम्ब के हाथों कैच करवाया। जॉन मूनी पांच रन पर नाबाद लौटे।

जिम्बाब्वे की ओर से मासाकाद्जा ने सर्वाधिक दो विकेट झटके जबकि प्राइस, क्रेमर और विलियम्स ने एक-एक विकेट चटकाए।

इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद खराब रही और उसके तीन बल्लेबाज 12 रन के योग पर पेवेलियन लौट गए। सलामी बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर एक रन के निजी योग पर ट्रेन्ट जॉन्सटन की गेंद पर गैरी विल्सन को कैच थमाकर चलते बने।

चार्ल्स कोवेन्ट्री पांच रन के निजी योग पर बॉयड रेनकिन की गेंद पर विल्सन के हाथों लपके गए। सीन विलियम्स ने तीन रन बनाए। विलियम्स को जॉन्सटन ने विल्सन के हाथों कैच करवाया।

एर्विन ने पारी को सम्भालने की कोशिश की लेकिन वह भी 27 रन के निजी योग पर रनआउट हो गए। एर्विन ने 53 गेंदों पर तीन चौके लगाए।

अनुभवी बल्लेबाज तातेंदा ताएबू ने 78 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 45 रन बनाए। एर्विन और ताएबू ने चौथे विकेट के लिए 62 रन जोड़े। अल्बर्ट वान डेर मर्व ने ताएबू को व्हाइट के हाथों लपकवाया।

प्रॉस्पर उत्सेया ने 40 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 26 रन बनाए। उत्सेया को बोथा ने व्हाइट के हाथों कैच करवाया। उत्सेया ने चिगुम्बुरा के साथ मिलकर छठें विकेट के लिए 52 रन जोड़े। चिगुम्बुरा ने 81 गेंदों पर आठ चौके और तीन छक्के लगाए।

इसके अलावा मासाकाद्जा ने एक रन बनाए जबकि ग्रीम क्रेमर ने छह रनों का योगदान दिया। ग्रेग लैम्ब सात पर नाबाद लौटे।

आयरलैंड की ओर से जॉन्सटन और बोथा ने दो-दो विकेट झटके जबकि रेनकिन, मर्व और अलेक्स क्यूसैक ने एक-एक विकेट चटकाए।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, February 15, 2011, 20:00 [IST]
Other articles published on Feb 15, 2011
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+