कप्तान सकीबुल ने खेली शतकीय पारी, बांग्लादेश की जीत (लीड-6)
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेहमान टीम ने मेजबान टीम के सामने 220 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे उसने 29.3 ओवरों में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। सकीबुल ने 69 गेंदों पर 15 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 105 रनों की यादगार पारी खेली।
इस क्रम में युवा बल्लेबाज रकीबुल हसन ने उनका पुरजोर साथ दिया। एक छोर पर सकीबुल ताबड़तोड़ रन बटोर रहे थे जबकि दूसरे छोर पर रकीबुल विकेट को बचाए रखते हुए अपने कप्तान के साथ बेहद सुनियोजित अंदाज में लक्ष्य की ओर बढ़ रहे थे। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 165 रनों की नाबाद साझेदारी निभाई।
एक समय मेजबान टीम ने 56 रन पर ही तीन विकेट खो दिए थे लेकिन इसके बाद सकीबुल और रकीबुल ने न सिर्फ पारी को संभाला बल्कि उसे जीत की शक्ल देने में सफल रहे। बांग्लादेश ने सलामी बल्लेबाज जुनैद सिद्दीकी (23), तमीम इकबाल (26) और मोहम्मद अशरफुल (3) के विकेट गंवाए।
सिद्दीकी ने 12 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके और एक छक्का जड़ा। यह विकेट 44 रन के कुल योग पर गिरा। इसके बाद 56 रन के कुल योग पर तमीम भी पेवेलियन लौट गए। तमीम ने 19 गेंदों पर दो चौके और एक छक्का लगाया। अशरफुल का विकेट भी 56 रन के कुल योग पर ही गिरा।
इससे पहले, बांग्लादेशी टीम ने स्पिन गेंदबाज अब्दुर रज्जाक (29/5) की घातक गेंदबाजी की बदौलत टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिंबाब्वे की टीम को 219 रनों के कुल योग पर समेट दिया। रज्जाक, मोहम्मद अशरफुल और नईम इस्लाम की सधी गेंदबाजी के आगे मेहमान टीम के सभी बल्लेबाज 47.2 ओवरों में पेवेलियन लौट गए।
जिंबाब्वे की ओर से मैल्कम वॉलर ने सर्वाधिक 40 रनों का योगदान दिया जबकि पूर्व कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज तातेंदा ताइबू ने 38, कप्तान हामिश मास्काद्जा ने 34, चामू चिबाबा ने 39 और ब्रेंडन टेलर ने 21 रन बनाए।
मास्कद्जा ने 31 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्का लगाया जबकि चिबाबा ने 67 गेंदों पर पांच चौके जड़े। चिबाबा और मास्कद्जा ने पहले विकेट के लिए 59 रन जोड़े। ताइबू ने अपनी सूझबूझ भरी पारी के दौरान 56 गेंदों पर एक चौका और एक छक्का लगाया। सर्वाधिक योगदान देने वाले वॉलर ने 39 गेंदो की तेज पारी के दौरान चार चौके और एक छक्का लगयाा।
बांग्लादेश की इस जीत साथ पांच मैचों की इस श्रृंखला में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर पहुंच गई हैं। जिंबाब्वे ने मंगलवार को इसी मैदान पर खेला गया पहला मैच पांच विकेट से जीता था। छह महीने के भीतर दोनों टीमों के बीच यह दूसरी एकदिवसीय श्रृंखला है। इससे पहले जिंबाब्वे में खेली गई पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में बांग्लादेश ने जिंबाब्वे को 4-1 से पराजित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications