पहला ग्रैंड स्लैम जोकोविच के नाम
सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने ब्रिटेन के एंडी मरे को सीधे सेटों में 6-4, 6-2 और 6-3 से हराकर ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस का ख़िताब जीत लिया है.
सेमी फ़ाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त और ख़िताब के प्रबल दावेदार स्विट्ज़रलैंड के रोजर फ़ेडरर को हराने वाले जोकोविच ने फ़ाइनल में ज़बरदस्त प्रदर्शन किया.
पिछले दो साल से क्वार्टर फ़ाइनल में हार जाने वाले तीसरी वरीयता प्राप्त जोकोविच ने इस बार कोई मौक़ा नहीं गँवाया. ये जोकोविच का दूसरा ऑस्ट्रेलियन ओपन ख़िताब है.
वर्ष 2008 में भी उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन का ख़िताब अपने नाम किया था. जोकोविच ऑस्ट्रेलियन ओपन के अलावा कोई ग्रैंड स्लैम ख़िताब नहीं जीत पाए हैं.
रोजर फ़ेडरर के अलावा नंबर एक खिलाड़ी स्पेन के रफ़ाएल नडाल भी क्वार्टर फ़ाइनल में हार कर पहले ही प्रतियोगिता से बाहर हो गए थे.
फ़ाइनल में उनके सामने थे बिग सर्वर माने जाने वाले ब्रिटेन के एंडी मरे. लेकिन जोकोविच के सामने मरे की एक न चल पाई.
पहले सेट में 6-4 से जीत हासिल करने के बाद दूसरे सेट में भी जोकोविच ने अपने खेल में कोई ढिलाई नहीं बरती.
दूसरे सेट में तो जोकोविच जैसे और निर्मम हो गए. एक-एक प्वाइंट के लिए तरसते एंडी मरे ने आख़िर में कुछ अच्छे खेल का प्रदर्शन तो किया लेकिन हार बचा नहीं पाए.
दूसरा सेट 6-2 से जीतने के बाद जोकोविच के हौसले बुलंद थे और तीसरे सेट में भी उन्होंने कोई ग़लती नहीं की.
आसानी से और संयम से खेल दिखाते हुए जोकोविच ने जीत हासिल की और साल का पहला ग्रैंड स्लैम ख़िताब अपने नाम किया.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
