फेनेल ने कहा कि आयोजन समिति को खेल गांव की कमियों को लेकर 'त्वरित कार्रवाई' करनी चाहिए क्योंकि गुरुवार से जब नियमित तौर पर यहां टीमों का आना शुरू हो जाएगा, तब खेल गांव में किसी प्रकार का सुधार कार्य संभव नहीं हो सकेगा।
फेनेल ने पिछले महीने खेल गांव का दौरा किया था। उस समय भी उन्होंने कुछ मुद्दे उठाए थे। अब जबकि खेल गांव में कमियों की बात सामने आ चुकी है, फेनेल ने कैबिनेट सचिव के.एम. चंद्रशेखर को पत्र लिखकर खेल गांव की स्थिति को लेकर चिंता जाहिर की है।
फेनेल ने मंगलवार को कहा, "मैं 24 घंटे के भीतर त्वरित कार्रवाई चाहता हूं। हम खेल गांव का काम खिलाड़ियों के आने से पहले से पूरा होने की उम्मीद कर रहे थे लेकिन ऐसा नहीं हो सका है।"
"मैंने इस संबंध में अधिकारियों से बात की है। खेल गांव का रिहायशी इलाका सुधार मांग रहा है। इसे जल्द से जल्द सुधारा जाना चाहिए। खिलाड़ियों के आने से पहले यह काम पूरा हो जाना चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।