क्राइस्टचर्च एकदिवसीय : 6 विकेट गिरे, कीवी हार की कगार पर (लीड-3)
क्राइस्टचर्च, 29 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान के साथ एएमआई स्टेडियम में जारी तीसरे एकदिवसीय मैच में 294 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम की पारी अच्छी शुरुआत के बाद बुरी तरह लड़खड़ा गई है। मेजबान टीम ने 40 ओवरों की समाप्त तक 187 रनों के कुल योग पर अपने छह विकेट गंवा दिए हैं।
जैकब ओरम दो और अपना पहला मैच खेल रहे ल्यूक वुडकॉक तीन रन बनाकर विकेट पर हैं। कीवी टीम को 60 गेंदों पर 107 रन बनाने की जरूरत है जबकि उसके चार विकेट ही सुरक्षित हैं।
स्कॉट स्टाइरिस (46) और केन विलियमसन (42) ने चौथे विकेट के लिए 81 रन जोड़कर कीवी टीम को मजबूती प्रदान करने की कोशिश की थी लेकिन मोहम्मद हाफीज और वहाब रियाज ने दोनों को चलता कर मेजबान टीम को मुश्किल में डाल दिया। ब्रेंडन मैक्लम से मेजबान टीम को काफी आशा थी लेकिन वह 12 रन बनाकर उमर अकमल के सीधे थ्रो पर रन आउट हो गए।
न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 44 रन जोड़े। आठवें ओवर में जेमी होव के रूप में उसे पहला झटका लगा। होव ने 25 गेंदों पर तीन चौके तथा एक छक्के की मदद से 24 रन बनाए।
इसके बाद 12वें ओवर में कप्तान रॉस टेलर भी चलते बने। उन्होंने महज छह रन बनाए। टेलर को डेनियल विटोरी के स्थान पर कप्तानी सौंपी गई है। विटोरी आराम कर रहे हैं।
सलामी बल्लेबाज के रूप में बल्लेबाज करने उतरे मार्टिन गुपटिल के रूप में न्यूजीलैंड की टीम को तीसरा झटका लगा। गुपटिल ने 39 रन बनाए। उन्होंने 39 गेंदों का सामना सामना किया और चार चौके तथा दो छक्के लगाए।
इससे पहले, सलामी बल्लेबाज मोहम्मद हाफीज की शानदार शतकीय पारी और कप्तान शाहिद अफरीदी की अंतिम ओवरों में धुआंधार बल्लेबाजी की बदौलत पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड के समक्ष जीत के लिए 294 रनों की चुनौती रखी।
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित की गई पाकिस्तानी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही लेकिन मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने उसे इस स्थिति से उबारते हुए अंतिम ओवरों में धुआंधार बल्लेबाजी की और निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 293 रन बनाए।
सलामी बल्लेबाज मोहम्मद हाफीज ने 115 रनों की शानदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 144 गेंदों का सामना किया और 12 चौके तथा दो छक्के लगाए।
कप्तान अफरीदी ने अंतिम ओवरों में महज 25 गेंदों पर 65 रनों की धुआंधार पारी खेली। इस पारी के दौरान उन्होंने पांच छक्के व पांच चौके लगाए। उमर अकमल ने भी बल्ले से कमाल किया और सिर्फ 29 गेंदों में 44 रन बनाए। उन्होंने चार चौके तथा दो छक्के लगाए।
न्यूजीलैंड की ओर से काइल मिल्स, टीम साउदी और हमिस बेनेट ने दो-दो विकेट हासिल किए जबकि एक विकेट जैकब ओरम में खाते में गया।
विश्व कप से पहले हो रही छह मैचों की इस श्रृंखला में न्यूजीलैंड 1-0 से आगे है। तेज गेंदबाज टिम साउदी (33/5) की घातक गेंदबाजी और जेसी राइडर (55) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत न्यूजीलैंड ने वेस्टपेक स्टेडियम में खेले गए पहले एकदिवसीय मुकाबले में पाकिस्तान को 9 विकेट से हराया था जबकि क्वींसटाऊन इवेंट्स सेंटर पर खेला गया दूसरा एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications