टीम इंडिया के पास कमियों को खंगालने का अंतिम मौका
भारतीय टीम ने अपने पहले अभ्यास मैच में रविवार को बेंगलुरू में आस्ट्रेलिया को पराजित किया था। टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने उस मैच की कुछ अच्छी तस्वीरें देखीं थी और साथ ही साथ उन्हें कुछ बुरी तस्वीरें भी देखने को मिली थीं।
धौनी ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा कि अच्छी बात यह रही कि स्पिनर उम्मीद पर खरे उतरे लेकिन मध्यक्रम ने निराश किया। जाहिर तौर पर धौनी न्यूजीलैंड के खिलाफ मध्यक्रम से बड़ी साझेदारी की उम्मीद कर रहे होंगे। यही नहीं, वह फिर चाहेंगे कि स्पिनर आगे बढ़कर मैच जिताने वाला प्रदर्शन करें।
कीवी टीम के खिलाफ पारी की शुरुआत सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग करेंगे। संभव है कि गौतम गम्भीर को तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी के लिए आना पड़े। उनके लिए इस विश्व कप में यही स्थान निर्धारित किया गया है क्योंकि पारी की शुरुआत करने की जिम्मेदारी तेंदुलकर और सहवाग पर ही मुख्य रूप से रहेगी।
जहीर खान इस मैच में भी नहीं खेलेंगे। जहीर आस्ट्रेलिया के खिलाफ भी नहीं खेले थे। यही नहीं, वह राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में आयोजित चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन भी अभ्यास नहीं कर सके थे। कप्तान ने कहा कि जहीर की मांसपेशियों में हल्का खिंचाव है और उन्हें एहतियात के तौर पर आराम दिया जा रहा है। जहीर की फिटनेस को लेकर चिंता की कोई बात नहीं क्योंकि वह पहले मैच से पूर्व फिट हो जाएंगे।
प्रवीण कुमार के चोट के कारण विश्व कप से बाहर होने के बाद भारत जहीर की गैरमौजूदगी में विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकता क्योंकि वह भारतीय गेंदबाजी की धुरी हैं। ऐसे में कीवियों के खिलाफ शांताकुमारन श्रीसंत और आशीष नेहरा को अपनी फिटनेस और गेंदों की दिशा तथा लम्बाई मापने का काम बखूबी कर लेना चाहिए।
आस्ट्रेलिया के खिलाफ सहवाग का बल्ला उनकी ख्याति के अनुरूप नहीं चल सका था। वह कई मौकों पर रन आउट होने से बचे थे। जाहिर तौर पर विकेट के बीच उनकी दौड़ में कोई कमी है और साथ ही उनके तथा दूसरे छोर पर स्थित बल्लेबाज के बीच सामंजस्य की कमी है। ऐसी कमी को जल्द दूर करना होगा क्योंकि इससे टीम को काफी नुकसान हो सकता है।
न्यूजीलैंड की टीम पाकिस्तान के साथ एकदिवसीय श्रृंखला गंवाने के बाद विश्व कप खेलने पहुंची है। उसने बेशक अपने पहले अभ्यास मैच में आयरलैंड को हरा दिया लेकिन कुल मिलाकर वह हालात के साथ तालमेल बिठाने में पिछड़ती नजर आ रही है। ऐसे में भारत के खिलाफ उसका काफी कुछ दांव पर लगा होगा।
न्यूजीलैंड की टीम अगर यह मैच जीतने में सफल रहती है तो उसे जरूरी आत्मविश्वास मिलेगा क्योंकि भारत को हराने के साथ वह यह कहने की स्थिति में होगी कि उसने भारतीय उपमहाद्वीप के हिसाब से खुद को ढाल लिया है। दूसरी ओर, अपने पहले ग्रुप मुकाबले में उतरने से पूर्व टीम इंडिया को अपने अंदर जीत के लिए जरूरी जज्बा कायम करना है और इस दिशा में यह मैच अहम साबित होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications