वॉटसन और पोंटिंग टिके, आस्ट्रेलिया के 50 रन पूरे (लीड-5)
खबर लिखे जाने तक मेहमान टीम ने 16 ओवरों में एक विकेट के नुकसान पर 67 रन बना लिए थे। शेन वॉटसन 38 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 39 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि कप्तान रिकी पोंटिग ने 45 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 19 रन बनाए थे।
आस्ट्रेलिया को शॉन मार्श के रूप में एकमात्र झटका लगा है। इस श्रृंखला में अपना दूसरा मैच खेल रहे तेज गेंदबाज मुनाफ पटेल ने 24 रन के कुल योग पर मार्श को चलता किया।
हैदराबाद में खेले गए पांचवें एकदिवसीय मुकाबले में शानदार शतक लगाने वाले मार्श सिर्फ छह रन बना सके। उन्होंने 14 गेंदों का सामना करते हुए एक चौका लगाया।
इससे पहले, भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। भारत की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। पहले ही ओवर में उसे वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर के रूप में दो झटके लगे। टीम के खाते में अभी सात रन जुड़े थे कि मिशेल जानसन की गेंद पर सहवाग क्लीन बोल्ड हो गए। उन्होंने एक छक्का लगाया और सिर्फ छह रन ही बना सके।
सहवाग के पवेलियन लौटने के बाद मैदान पर आए गंभीर भी महज दो गेंदों का सामना कर सके। पहले ही ओवर में जानसन ने उन्हें भी बोल्ड कर दिया। गंभीर अपना खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद डॉग बोलिंगर ने अपनी ही गेंद पर सचिन तेंदुलकर का कैच पकड़कर विपक्षी टीम को सबसे बड़ा झटका दिया। तेंदुलकर ने 10 रन बनाए।
मास्टर ब्लास्टर के आउट होने के बाद टीम का बड़ा दारोमदार युवराज सिंह पर था लेकिन वह भी बोलिंगर का शिकार बन गए। वह छह रनों के व्यक्तिगत स्कोर पर हिट विकेट हो गए। इसके बाद बाएं हाथ के बल्लेबाज सुरेश रैना भी जानसन की गेंद पर चकमा खा गए और नेथन हॉरित्ज ने बिना कोई चूक किए उनका कैच लपक लिया। रैना बिना कोई रन बनाए पेवेलियन लौटे।
आधी टीम के पेवेलियन लौटने के बाद कप्तान धौनी ने जडेजा के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया लेकिन वह भी गुवाहटी की परेशानी पैदा करती पिच पर ज्यादा देर तक नहीं टिक सके। वह 24 रन बनाकर आउट हुए। धौनी ने 77 गेंदों का सामना करते हुए एक चौका जड़ा।
इसके बाद जडेजा का साथ देने आए प्रवीण ने संभलकर खेलते हुए आठवें विकेट के लिए 74 रनों की साझेदारी की। जडेजा 57 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 103 गेंदों का सामना कर छह चौके जड़े। भारत की पूरी टीम 48 ओवरों में 170 रनों पर सिमट गई। प्रवीण 54 रन बनाकर नाबाद रहे। प्रवीण ने 51 गेंदों का सामना करते हुए सात चौके और एक छक्का लगाया।
आस्ट्रेलिया की ओर से बोलिंगर ने 35 रन देकर पांच विकेट झटके जबकि शुरुआती ओवर में भारत को दो झटके देने वाले जानसन के खाते में तीन विकेट दर्ज हुए। हरफनमौला वॉटसन को भी दो सफलता मिली।
सात मैचों की श्रृंखला के पाचवें मुकाबले में भारत को 3 रन से हराकर आस्ट्रेलिया ने श्रृंखला में 3-2 की बढ़त हासिल कर ली है। भारतीय टीम ने दिल्ली में खेले गए तीसरे मुकाबले में उसे छह विकेट से हराकर 2-1 की बढ़त बनाई थी।
इसके बाद मेहमान टीम ने मोहाली में खेले गए चौथे मुकाबले में 24 रनों से जीत हासिल कर 2-2 की बराबरी कर ली थी। पहला मैच वडोदरा में खेला गया था। आस्ट्रेलिया ने यह मैच चार रनों से जीता था जबकि नागपुर में खेले गए दूसरे मुकाबले में मेजबान टीम ने 99 रनों से जीत हासिल की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications