डरबन टेस्ट : खराब रोशनी के कारण खेल रुका (लीड-9)
खेल रोके जाने तक 303 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मेजबान टीम ने तीन विकेट पर 111 रन बना लिए थे। अब्राहम डिविलियर्स ने 17 रन बनाए हैं जबकि हरफनमौला जैक्स कैलिस ने 12 रन बनाए हैं।
मेजबान टीम का तीसरा विकेट 82 रन के कुल योग पर हाशिम अमला के रूप में गिरा। उससे पहले मेजबान टीम ने एल्वीरो पीटरसन का विकेट गंवाया था। पीटरसन का विकेट भी 82 रन के कुल योग पर गिरा।
पीटरसन ने 45 गेंदों पर चार चौके लगाए। अमला 16 रन बना सके। पहली पारी में नौ रन के व्यक्तिगत योग पर पेवेलियन लौटने वाले कप्तान ग्रीम स्मिथ 38 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 37 रन बनाने के बाद शांताकुमारन श्रीसंत की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए थे।
स्मिथ का विकेट 63 के कुल योग पर गिरा था। मेजबान टीम को जीत के लिए 192 रनों की जरूरत है जबकि उसके सात विकेट सुरक्षित हैं। इसके अलावा मेजबान टीम के पास लक्ष्य हासिल करने के लिए बुधवार और गुरुवार का समय है।
इससे पहले, भारत की दूसरी पारी 228 रनों पर सिमट गई। भारत को पहली पारी के आधार पर 74 रनों की बढ़त हासिल था। भारत ने अपनी पहली पारी में 205 रन बनाए थे जबकि मेजबान टीम 131 रनों पर ढेर हो गई थी।
भारत की ओर से कलात्मक बल्लेबाज वी.वी.एस. लक्ष्मण ने सर्वाधिक 96 रन बनाए। लक्ष्मण ने 171 गेंदों पर 12 चौके लगाए। भारत का अंतिम विकेट लक्ष्मण के रूप में गिरा। शांताकुमारन श्रीसंत खाता खोले बगैर नाबाद लौटे जबकि ईशांत शर्मा खाता नहीं खोल सके।
ईशांत का विकेट गिरने के बाद लक्ष्मण ने स्ट्राइक अपने पास रखते हुए शतक पूरा करने की भरपूर कोशिश की लेकिन तेज गेंदबाज डेल स्टेन की चतुराई के आगे उनकी एक नहीं चली। स्टेन ने लक्ष्मण को विकेटकीपर मार्क बाउचर के हाथों कैच करवाया।
तीसरे दिन का खेल शुरू होने के साथ एक के बाद एक तीन विकेट गिरने के साथ भारत के लिए 300 रनों से अधिक का लक्ष्य दे पाना मुमकिन नहीं लग रहा था लेकिन लक्ष्मण और जहीर खान के बीच आठवें विकेट के लिए जोड़े गए 70 रनों की बदौलत यह संभव हो सका। जहीर ने 63 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 27 रन बनाए।
भारतीय टीम ने 148 रनों के कुल योग पर अपना सातवां विकेट गंवाया था। तीसरे दिन भारत को चेतेश्वर पुजारा के रूप में पांचवां झटका लगा जबकि इसके बाद कप्तान महेंद्र सिंह धौनी और हरभजन सिंह पेवेलियन लौटे। भारत ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक चार विकेट खोकर 92 रन बनाए थे।
भारत ने दूसरी पारी में वीरेंद्र सहवाग (32 रन) की तेज पारी की बदौलत शुरुआत अच्छी की थी लेकिन 42 रन के कुल योग पर सहवाग के पेवेलियन लौटने के साथ उसकी बदकिस्मती का दौर शुरू हो गया।
भारत ने 44 के कुल योग पर सलामी बल्लेबाज मुरली विजय (9) और 48 के कुल योग पर राहुल द्रविड़ (2) का विकेट गंवाया। तेंदुलकर का विकेट 56 के कुल योग पर गिरा। उन्होंने छह रन बनाए। ये सभी विकेट दूसरे दिन गिरे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications