धौनी ने न्यूजीलैंड के साथ खेले गए अभ्यास मैच के बाद कहा, "पारी शुरू करने को लेकर कोई मतभेद नहीं है। गौतम गम्भीर तीसरे क्रम पर उतरेंगे। जहां तक चौथे क्रम की बात है तो इसके लिए कोहली और रैना की दावेदारी है। प्रबंधन ने फैसला किया है कि इस स्थान के लिए कोहली को उतारा जाना ज्यादा उचित होगा।"
कप्तान के मुताबिक रैना ने पांचवें और छठे क्रम पर अच्छी बल्लेबाजी की है लेकिन ये दोनों क्रम खाली नहीं हैं। युवराज को पांचवें क्रम पर उतरना है जबकि वह खुद छठे क्रम पर बल्लेबाजी के लिए उतरेंगे। सातवें क्रम पर यूसुफ पठान का अधिकार है। ऐसे में अंतिम-11 में स्थान बनाने के लिए रैना को इंतजार करना होगा।
गम्भीर स्वाभाविक सलामी बल्लेबाज हैं लेकिन चूंकि टीम प्रबंधन ने विश्व कप में पारी की शुरुआत सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग से कराने का फैसला किया है, इस कारण गम्भीर को तीसरे क्रम पर उतरना पड़ रहा है। इस क्रम पर गम्भीर ने बुधवार को 89 रनों की अच्छी पारी खेली।
भारत को अपना पहला ग्रुप मैच 19 फरवरी को ढाका के करीब मीरपुर में स्थित शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में खेलना है। विश्व कप से पहले भारत ने दो अभ्यास मैच खेले और दोनों में जीत हासिल की। पहले मुकाबले में उसने आस्ट्रेलिया को हराया जबकि दूसरे मुकाबले में उसने न्यूजीलैंड पर जीत दर्ज की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।