जानसन ने दिखाया, किस मिट्टी के बने हैं वह
आस्ट्रेलिया ने पर्थ के पश्चिम आस्ट्रेलिया क्रिकेट संघ (वाका) मैदान पर खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड को 267 रनों से हराकर पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला में 1-1 की बराबरी की।
जानसन ने इस टेस्ट में न केवल अच्छी गेंदबाजी की बल्कि उन्होंने पहली पारी में शानदार 62 रन बनाकर टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया था। इस मैच में जानसन ने पहली पारी में छह विकेट लेकर इंग्लैंड को सस्ते में समेटने में मुख्य भूमिका निभाई थी जबकि दूसरी पारी में उन्होंने छह विकेट लेने वाले रेयान हैरिस का अच्छा साथ देते हुए तीन विकेट झटके।
अपने हरफनमौला प्रदर्शन के बूते 'मैन ऑफ द मैच' चुने गए जानसन ने कहा, "एडिलेड टेस्ट से बाहर किए जाने से मैं बहुत निराश था। मैं जानता था कि मुझे कुछ चीजों पर काम करना है। अपनी कमियों पर विजय पाते हुए मैंने वास्तव में पर्थ में अपनी गेंदबाजी का खूब लुत्फ उठाया। उम्मीद है कि आने वाले दो टेस्ट मैचों में भी इसी तरह का शानदार प्रदर्शन जारी रखूंगा।"
ब्रिस्बेन टेस्ट में जानसन ने टीम को अपने प्रदर्शन से मायूस किया था जिसकी वजह से चयनकर्ताओं ने उन्हें एडिलेड टेस्ट के लिए अंतिम एकादश टीम में शामिल नहीं किया था।
इसके बाद जानसन ने हिम्मत नहीं हारी और दो सप्ताह तक उन्होंने गेंदबाजी कोच ट्राय कूली की देखरेख में अपनी गेंदबाजी एक्शन के साथ-साथ कई कमियों पर काम किया और एक मैच जिताउ गेंदबाज के तौर पर सामने आए।
जानसन ने कहा,"मैंने पुरानी वीडियो फुटेज को देखकर अपनी गेंदबाजी में सुधार किया। मैंने पिछले वर्ष दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए फुटेज को देखा और अपनी गेंदबाजी में सुधार करने का प्रयास किया।"
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 17 दिसम्बर, 2008 को जानसन ने पर्थ के मैदान पर खेले गए टेस्ट मैच में करियर का शानदार प्रदर्शन किया था। जानसन ने इस मैच में 58.2 ओवर की गेंदबाजी में 9 ओवर मेडन रखते हुए 159 रन खर्च कर 11 विकेट झटके थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications