बाराबाती स्टेडियम में भारत-श्रीलंकाके बीच होगी रोचक भिड़ंत
इस श्रृंखला के पहले दो मुकाबले बेहद रोचक रहे हैं। इस लिहाज से बाराबाती स्टेडियम में सोमवार को एक बार फिर दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर हो सकती है। राजकोट में बीते मंगलवार को खेला गया पहला मैच भारत ने तीन रनों से जीता था जबकि नागपुर में शुक्रवार को खेले गए दूसरे मुकाबले में श्रीलंका ने तीन विकेट से जीत हासिल की थी।
बाराबाती स्टेडियम में भारत और श्रीलंका की टीमों के बीच इससे पहले 28 दिसंबर, 1990 को एक मैच खेला गया था। उस मैच में श्रीलंका ने भारत को 36 रनों से पराजित किया था।
वैसे इस मैदान पर भारत का रिकार्ड अच्छा रहा है। भारतीय टीम ने यहां अब तक कुल 13 मैच खेले हैं, जिसमें से आठ में उसे जीत हासिल हुई है। दो मौकों पर यह मैदान तटस्थ आयोजन स्थल भी रहा है। यहां 1987 में आस्ट्रेलिया-जिंबाब्वे और 1989 में इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच मैच खेले गए थे।
चार मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है जबकि 1996 में आस्ट्रेलिया के साथ खेला गया उसका एक मैच रद्द कर दिया गया था। भारत ने यहां अपना आखिरी एकदिवसीय मुकाबला इंग्लैंड के साथ 26 नवंबर, 2008 को खेला था। उस मैच में भारतीय टीम 6 विकेट से विजयी रही थी।
इस मैदान पर मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने नौ मैचों में सर्वाधिक 373 रन बनाए हैं। इस दौरान तेंदुलकर के बल्ले से दो अर्धशतक और एक शतक निकला है। यहां तेंदुलकर का सर्वोच्च स्कोर 127 नाबाद रहा है।
पूर्व कप्तान अनिल कुंबल ने इस मैदान पर तीन मैचों में सर्वाधिक सात विकेट झटके हैं जबकि अजीत अगरकर ने पांच मैचों में सात विकेट लिए हैं। मौजूदा खिलाड़ियों में जहीर खान ने यहां चार मैचो में छह विकेट अपने नाम किए हैं। हरभजन सिंह के नाम चार मैचों में चार विकेट दर्ज हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications