'दशक के एथलीट' बने वुड्स
आजकल विवादों में घिरे गोल्फ़ खिलाड़ी टाइगर वुड्स ने भले ही शादी बचाने के लिए गोल्फ़ से ब्रेक ले लिया हो मगर अमरीका के खेल संपादकों ने उन्हें ही इस 'दशक का सर्वश्रेष्ठ एथलीट' चुना है. समाचार एजेंसी असोसिएटेड प्रेस की ओर से कराए गए एक सर्वेक्षण में उन्हें 142 में से 56 वोट मिले.
दूसरे नंबर पर लगातार कई वर्षों तक टूअर द फ़्रांस साइकल रेस जीतने वाले लांस आर्मस्ट्रांग रहे और तीसरा स्थान मिला रॉजर फ़ेडरर को. समाचार पत्रों के संपादकों को मतपत्र भेजे गए थे और आधे से अधिक मतपत्र टाइगर वुड्स की कार दुर्घटना के बाद लौटे.
वुड्स के फ़्लोरिडा स्थित घर के बाहर ये दुर्घटना हुई थी और उसके बाद से ही वुड्स की ज़िंदग़ी के कई विवादास्पद पहलू सामने आए हैं. उन्होंने कई महिलाओं के साथ शारीरिक संबंध बनाने को लेकर माफ़ी माँगी है और एक 'बेहतर व्यक्ति' बनने का विश्वास दिलाया है. इस सम्मान के ज़रिए ऐसे खिलाड़ी को चुनना था जिसने पिछले एक दशक में अकेले ही पूरे खेल जगत में दबदबा बनाए रखा.
विवादों में वुड्स
वर्ष 2000 से अब तक वुड्स ने दुनिया भर में 64 टूर्नामेंट जीते हैं. माना जा रहा है कि इस सम्मान से वुड्स को कुछ सांत्वना ज़रूर मिलेगी क्योंकि 27 नवंबर को हुई दुर्घटना के बाद से ही वो विवादों के चलते मीडिया में छाए हुए हैं.
उनकी कई कथित महिला मित्रों ने वुड्स के साथ अपने शारीरिक संबंधों के बारे में अमरीकी अख़बारों, वेबसाइटों और टेलिविज़न चैनलों को बताया है. उसके बाद शनिवार को वुड्स ने घोषणा की कि वह गोल्फ़ से अनिश्चितकाल के लिए ब्रेक ले रहे हैं जिससे वह अपने पारिवारिक जीवन में आए तूफ़ान को सँभाल सकें.
वुड्स की पत्नी एलिन उनके दोनों बच्चों की देखभाल कर रही हैं मगर दूसरी तरफ़ इस बात पर लगातार अटकलबाज़ी हो रही है कि उनका शादीशुदा जीवन बचेगा या नहीं.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
