पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 301 रन बनाए। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका क्रिकेट टीम ने 49.1 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 302 रन बना लिए।
श्रीलंका की ओर से बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान ने शानदार 123 रन बनाए। इसके अलावा उपुल थरंगा ने 37, जयवर्धने ने 39 और मैथ्यूज ने 37 रनों का योगदान दिया।
श्रीलंका का पहला विकेट उपुल थरंगा के रूप में गिरा। उन्होंने 42 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 37 रन बनाए। हरभजन सिंह की गेंद पर आउट होने से पहले उन्होंने पहले विकेट के लिए तिलकरत्ने दिलशान के साथ 102 रनों की साझेदारी की।
इसके बाद कुमार संगकारा 21 रन के निजी स्कोर पर रन आउट हो गए। दिलशान ने 113 गेंदों पर 12 चौके और दो छक्के की मदद से 123 रन बनाए। नेहरा की गेंद पर वह बोल्ड हो गए। जयवर्धने ने 47 गेंदों पर 39 रन बनाए। वह जहीर खान की गेंद पर धौनी के हाथों कैच आउट हुए। कांदंबी ने 32 गेंदों पर रन बनाए और वह जहीर खान की गेंद पर कोहली के हाथों कैच आउट हुए। कापूगेदेरा दो रन बनाकर जहीर खान की गेंद पर बोल्ड हो गए जबकि सूरज रांडीव पांच रन बनाकर रन आउट हो गए।
भारत के गेंदबाजों में जहीर खान को तीन विकेट मिले जबकि नेहरा और हरभजन सिंह को एक-एक विकेट मिला।
इससे पहले, टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवरों की समाप्ति तक सात विकेट के नुकसान पर 301 रन बनाए। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी 111 गेंदों पर आठ चौकोंे और दो छक्कों की मदद से 107 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपने करियर का छठा शतक लगाया।
भारतीय कप्तान ने सुरेश रैना के साथ पांचवें विकेट के लिए 126 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई। रैना ने 55 गेंदों पर चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 68 रन बनाए। धौनी ने विराट कोहली के साथ भी चौथे विकेट के लिए 51 रनों की साझेदारी निभाई।
भारत की ओर से मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने 43 और कोहली ने 54 महत्वपूर्ण योगदान दिया। तेंदुलकर ने 52 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके लगाए जबकि कोहली ने अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान 65 गेंदों पर सात चौके जड़े। तेंदुलकर और कोहली ने तीसरे विकेट के लिए 62 रन जोड़े।
रवींद्र जडेजा 12 रन बनाकर नाबाद लौटे। छह गेंदों पर दो चौके लगाने वाले जडेजा ने अपनी संक्षिप्त नाबाद पारी के दौरान कप्तान के साथ 3.2 ओवरों में 42 रन जोड़े। राजकोट में तूफानी शतक लगाने वाले सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग (4), गौतम गंभीर (2) और हरभजन सिंह (0) हालांकि सस्ते में आउट हुए। सहवाग और गंभीर 19 रनों के कुल योग पर ही पेवेलियन लौट गए थे।
श्रीलंका की ओर से अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल रहे सूरज रांडीव ने तीन विकेट झटके जबकि चमारा वेलेगेदारा, एंजेलो मैथ्यूज और असंथा मेंडिस ने एक-एक सफलता हासिल की।
पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला अब 1-1 से बराबर हो गई है। भारत ने राजकोट में मंगलवार को खेला गया पहला मुकाबला 3 रन से जीता था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।