एकल मुकाबले के महिलाओं के वर्ग में पहली वरीयता प्राप्त साइना नेहवाल ने सेमीफाइनल में पांचवीं वरीयता प्राप्त स्विटजरलैंड की जे.कीकोनिनी को 21-12, 21-10 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। रविवार को फाइनल में उनका मुकाबला भारत की ही चौथी वरीयता प्राप्त अदिति मुटाटकर से होगा जिन्होंने दूसरे सेमीफाइनल में इंडोनेशिया के दूसरी वरीयता प्राप्त मारिया फैबे को 22-20, 21-13 से हराया।
वहीं पुरुषों के एकल मुकाबले में शीर्ष वरीयता प्राप्त भारत के चेतन आनंद ने सेमीफाइनल मुकाबले में भारत के ही आठवीं वरीयता गुरूसाईदत्त को सीधे सेटों में 21-16, 21-13 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। रविवार को फाइनल में वह पांचवीं वरीयता प्राप्त इंडोनेशिया डी.एच.रम्बाका से भिड़ेंगे, जिन्होंने आज दूसरे सेमीफाइनल में नवीं वरीयता प्राप्त मलेशिया के कांग बेन चांग को 21-13, 21-16 से हराया।
50 हजार डॉलर इनामी राशि वाली इस प्रतियोगिता में देश विदेश के कुल 145 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। रविवार को प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।