बेन प्रकरण पर 'पक्षपातपूर्ण' रहा आस्ट्रेलियाई मीडिया का रवैया
मेलबर्न, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। पर्थ के वाका मैदान पर बीते गुरुवार को वेस्टइंडीज के स्पिन गेंदबाज सुलेमान बेन और आस्ट्रेलिया के दो खिलाड़ियों के बीच धक्का-मुक्की की कवरेज में स्थानीय मीडिया का रवैया 'पक्षपातपूर्ण' दिखाई दिया।
आस्ट्रेलियाई मीडिया के एक बड़े तबके ने इस पूरे प्रकरण में बेन को एक 'खलनायक' के रूप में पेश किया जबकि मैदान पर घटी इस शर्मसार कर देने वाली घटना में आस्ट्रेलिया के दो खिलाड़ी ब्रैड हेडिन और मिशेल जानसन भी बराबर के भागीदार थे।
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने भी तीसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन इस घटना के लिए बेन के खिलाफ आस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के मुकाबले कहीं ज्यादा कड़ी कार्रवाई की थी। आईसीसी मैच रैफरी क्रिस ब्रॉड ने बेन पर दो एकदिवसीय मैचों का प्रतिबंध लगाया जबकि बेन के साथ उलझने वाले हेडिन की मैच फीस में 25 फीसदी और जानसन की मैच फीस में 10 फीसदी की कटौती की।
उल्लेखनीय है कि भद्रजनों के इस खेल को शर्मसार कर देने वाली घटना गुरुवार को घटी। बेन के एक ओवर में जानसन रन लेने कोशिश में बेन से ही टकरा गए जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके दो गेंद बाद ही बेन ने गुस्सैल अंदाज में गेंद को थ्रो करने की कोशिश की और उस समय हेडिन अपनी क्रीज से दूर हट गए।
इस दोनों घटनाक्रमों के कुछ देर बाद ही हेडिन और जानसन बेन के नजदीक आ गए और इस दौरान कहासुनी धक्का-मुक्की में तब्दील हो गई। अंपायर बिली बॉडन को बीच-बचाव के लिए आना पड़ा। इस घटना के बाद आस्ट्रेलिया मीडिया बेन को ही जिम्मेदार ठहराने पर लगा रहा।
स्थानीय समाचार पत्र 'द एज' ने शनिवार को लिखा, "अपनी अनुशासनहीनता के लिए एकदिवसीय श्रृंखला के दो मैचों से बाहर किए जाने के बाद बेन विश्व क्रिकेट के एक 'बैड ब्वॉय' की छवि के साथ आस्ट्रेलिया छोड़ेंगे।"
उधर, आस्ट्रेलिया के प्रमुख समाचार पत्र 'द आस्ट्रेलिया' की कवरेज में भी एकपक्षीय बात देखी गई। आईसीसी के फैसले के खिलाफ अपील करने के वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम प्रबंधन के फैसले को इस अखबार ने हताशा करार दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications