सेंचुरियन एकदिवसीय : भारत को लगे शुरुआती झटके (लीड-6)
सेंचुरियन, 23 जनवरी (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सुपर स्पोर्ट मैदान पर खेले जा रहे पांचवें और निर्णायक एकदिवसीय मुकाबले में 268 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही भारतीय टीम को दो शुरुआती झटके लगे हैं। भारत ने सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और मध्यक्रम के बल्लेबाज विराट कोहली के विकेट गंवाकर 6.1 ओवरों में 31 रन बना लिए हैं।
भारत की ओर से पार्थिव पटेल और शर्मा ने पारी की शुरुआत की लेकिन चौथे ही ओवर में 21 रनों के कुल योग पर तेज गेंदबाज लोनवाबो त्सोत्सोबे ने शर्मा को क्लीन बोल्ड कर भारत को पहला झटका दिया। शर्मा ने आठ गेंदों का सामना किया और एक चौके की मदद से पांच रन बनाए।
इसके बाद बल्लेबाजी करने आए कोहली भी सातवें ओवर की पहली गेंद पर आउट हो गए। उन्होंने मात्र दो रन बनाए। तेज गेंदबाज मोर्न मोर्कल की गेंद पर विकेटकीपर अब्राहम डिविलियर्स ने उन्हें लपका।
पटेल 22 रन बनाकर मैदान पर नाबाद हैं जबकि उनका साथ देने के लिए खुद कप्तान महेंद्र सिंह धौनी मैदान पर उतरे हैं।
इससे पहले, हाशिम अमला (नाबाद 116) और मोर्न वान वेक (56) की उम्दा बल्लेबाजी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने भारत के सामने जीत के लिए 268 रनों का लक्ष्य रखा। बारिश से बाधित इस मैच में यूं तो दक्षिण अफ्रीका ने पहले पहले बल्लेबाजी करते हुए 46 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 250 रन बनाए लेकिन डकवर्थ लुईस पद्धति के अनुसार भारत को 46 ओवरों को जीत के लिए 268 रनों का लक्ष्य दिया गया।
बारिश के चलते मैच लगभग 45 मिनट बाधित रहा। बारिश के कारण कुल ओवरों में कटौती कर दी गई और मैच 46-46 ओवरों का कर दिया गया।
सलामी बल्लेबाज ग्रीम स्मिथ के रूप में अफ्रीका का पहला विकेट गिरा। वह सात रन के निजी योग पर जहीर खान की गेंद पर यूसुफ पठान के हाथों लपके गए। स्मिथ का विकेट 16 के योग पर गिरा।
मोर्न वान वेक ने 63 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 56 रन बनाए। वेक को युवराज सिंह ने अपनी गेंद पर कैच आउट किया। वेक ने दूसरे विकेट के लिए अमला के साथ मिलकर 97 रनों की साझेदारी की। अमला ने 132 गेंदों पर नौ चौके लगाए जबकि वेक ने 63 गेंदों पर आठ चौके लगाए।
अब्राहम डिविलियर्स 12 गेंदों पर एक चौके की मदद से 11 रन बनाकर युवराज की गेंद पर धोनी के हाथों स्टम्प आउट हुए।
जेपी ड्यूमिनी ने 44 गेंदों पर एक चौके की मदद से 35 रन बनाए। ड्यूमिनी को मुनाफ पटेल ने अपनी गेंद पर कैच आउट किया। ड्यूमिनी ने अमला के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 102 रनों की साझेदारी की।
इसके बाद फाफ डू प्लेसी (8), रॉबिन पीटरसन (4) और जोहान बोथा (2) ने निराश किए जबकि डेल स्टेन और मोर्न मोर्कल बिना खाता खोले आउट हुए। लोनवाबो त्सोत्सोबे बिना कोई रन बनाए नाबाद लौटे।
भारत की ओर से मुनाफ पटेल ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए जबकि जहीर खान ओर युवराज सिंह ने दो-दो विकेट झटके।
भारत ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। इस श्रृंखला में दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर हैं। भारत की ओर से आशीष नेहरा की जगह पीयूष चावला को टीम में शामिल किया गया है जबकि दक्षिण अफ्रीका की टीम में कोई भी बदलाव नहीं किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications