आस्ट्रेलियन ओपन : फेडरर हारे, जोकोविक फाइनल में (लीड-3)
अपने करियर के 17वें ग्रैंड स्लैम खिताब के करीब पहुंच चुके फेडरर को सेमीफाइनल में सर्बिया के नोवाक जोकोविक के हाथों हार मिली।
विश्व के तीसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी जोकोविक ने गुरुवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में फेडरर को 7-6, 7-5, 6-4 से पराजित किया। फेडरर ने 2010 में यह खिताब जीता था।
महिला वर्ग में चीन की खिलाड़ी ली ना ने जबरदस्त उलटफेर करते हुए पहली बार फाइनल में जगह बनाई है। खिताबी मुकाबले में उनकी भिड़ंत बेल्जियम की किम क्लाइस्टर्स से होगी।
ली ने जहां गुरुवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में डेनमार्क की कैरोलिन वोजनियास्की को पराजित किया वहीं मौजूदा अमेरिकी ओपन चैम्पियन क्लाइस्टर्स ने रूस की वेरा ज्योनारेवा की चुनौती समाप्त की।
किसी ग्रैंड स्लैम आयोजन के फाइनल में पहुंचने वाली पहली चीनी खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल करने वाली ली ने वोजनियास्की को 3-6, 7-5, 6-3 से पराजित किया। वोजनियास्की विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त एकल खिलाड़ी हैं।
क्लाइस्टर्स ने शानदार खेल दिखाते हुए टूर्नामेंट की दूसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ज्योनारेवा को सीधे सेटों में 6-3, 6-3 से हराया। अमेरिकी ओपन फाइनल में क्लाइस्र्ट्स ने ज्योनारेवा को इसी अंतर से पराजित किया था।
इससे पहले, 'इंडियन एक्सप्रेस' नाम से मशहूर भारत के लिएंडर पेस और महेश भूपति की विश्व की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी पुरुषों के युगल वर्ग के फाइनल में पहुंच गई है।
पेस-भूपति ने गुरुवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में बेलारूस के मैक्स मिर्नी और कनाडा के डेनियल नेस्टर की जोड़ी को कड़े सघर्ष के बाद 7-6, 4-6, 6-3 से हराया।
फाइनल मुकाबले में भारतीय जोड़ी का सामना विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त जोड़ी अमेरिका के ब्रायन बंधुओं-माइक तथा बॉब से होगा।
बॉब और माइक ने अपने वतन के ही एरिक बुटोरेैक और नीदरलैंड एंटील्स के जीन जुलिएन रोजर की जोड़ी को 6-3, 6-2 से पराजित किया।
कई ग्रैंड स्लैम खिताब अपने नाम कर चुके पेस और भूपति सात वर्ष बाद बतौर जोड़ीदार किसी ग्रैंड स्लैम में हिस्सा ले रहे हैं। इस जोड़ी को हालांकि सात वर्ष बाद अपने पहले खिताब के लिए ब्रायन बंधुओं से कड़ी टक्कर मिलेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications