आस्ट्रेलियन ओपन : पेस-भूपति जीते, नडाल व क्लिस्टर्स प्री-क्वार्टर फाइनल में (राउंडअप)
पेस और भूपति की जोड़ी ने शनिवार को पुरुषों के युगल मुकाबले के दूसरे दौर में स्पेन के फेलिसियानो लोपेज और अर्जेटीना के जुआन मोनाको की जोड़ी को 7-6 (2), 6-4 से पराजित किया।
तीसरी वरीयता प्राप्त पेस और भूपति की जोड़ी का अगला मुकाबला स्पेन के मार्सेल ग्रानोलर्स और टॉमी रोब्रेडो की जोड़ी से होगा। विश्व की पूर्व नम्बर एक पेस-भूपति की जोड़ी नौ वर्ष बाद फिर से एकजुट होकर कोर्ट पर खेलने उतरी है। पेस और भूपति ने हाल ही में चेन्नई ओपन का खिताब अपने नाम किया था।
विश्व के शीर्ष वरीयता प्राप्त स्पेन के टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। नडाल ने पुरुषों के एकल वर्ग के तीसरे दौर के मुकाबले में आस्ट्रेलिया के खिलाड़ी बर्नार्ड टोमिच को 6-2, 7-5, 6-3 से हराया। नडाल का अगला मुकाबला मारिन सिलिच से होगा।
इससे पहले, नडाल वर्ष 2009 में आस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीत चुके हैं जबकि पिछले वर्ष उन्होंने विम्बल्डन, फ्रेंच ओपन और अमेरिकी ओपन का खिताब अपने नाम किया था।
विश्व की तीसरी वरीयता प्राप्त बेल्जियम की स्टार महिला टेनिस खिलाड़ी किम क्लिस्टर्स अपनी शानदार फॉर्म को बरकरार रखते हुए अंतिम-16 में पहुंच गई हैं। क्लिस्टर्स ने महिला एकल के तीसरे दौर के मुकाबले में फ्रांस की खिलाड़ी एलीज कोर्नेट को 7-6 (3), 6-3 से मात दी।
गत वर्ष अमेरिकी ओपन का खिताब जीतने वाली क्लिस्टर्स ने कहा, " यह एक कड़ा मुकाबला था। कोर्नेट एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी हैं। मैच के दौरान मुझे लगा कि मैं दो अलग-अलग खिलाड़ियों के खिलाफ खेल रही हूं।"
विश्व की पांचवीं वरीयता प्राप्त आस्ट्रेलिया की महिला टेनिस खिलाड़ी समांथा स्टोसुर की वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम आस्ट्रेलियन ओपन के एकल मकाबले में चुनौती खत्म हो गई है।
स्टोसुर को महिला एकल स्पर्धा के तीसरे दौर के मुकाबले में चेक गणराज्य की 25वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी पेत्रा कवितोवा ने 7-6, 6-3 से हराया। पेत्रा पिछले वर्ष विम्बल्डन के सेमीफाइनल तक का सफर तय कर चुकी हैं।
इससे पहले, स्टोसुर ने पिछले वर्ष नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में महिला एकल और युगल का स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।
विश्व के चौथी वरीयता प्राप्त स्वीडन के स्टार टेनिस खिलाड़ी रॉबिन सोडरलिंग धमाकेदार जीत के साथ प्री-क्वार्टरफाइनल में पहुंच गए हैं। सोडरलिंग ने पुरुषों के एकल वर्ग के तीसरे दौर के मुकाबले में चेक गणराज्य के क्वालीफायर खिलाड़ी जेन हेर्नेक को 6-3, 6-1, 6-4 से पराजित किया। इसके साथ ही उन्होंने लगातार आठवीं जीत दर्ज की।
सोडरलिंग का अगला मुकाबला यूक्रेन के खिलाड़ी एलेक्सजेंडर डोलगोपोलोव से होगा। इससे पहले, सोडरलिंग वर्ष 2009, 2010 में फ्रेंच ओपन के फाइनल तक का सफर तय कर चुके हैं।
विश्व के पांचवीं वरीयता प्राप्त इंग्लैंड के टेनिस खिलाड़ी एंडी मरे शानदार जीत के साथ चौथे दौर में पहुंच गए हैं। मरे ने पुरुषों के एकल वर्ग के तीसरे दौर के मुकाबले में स्पेन के गुएलेरमो ग्रासिया लोपेज को 6-1, 6-1, 6-2 से हरा दिया।
मरे पिछले वर्ष आस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल तक का सफर तय कर चुके हैं। इसके अलावा वह वर्ष 2008 में अमेरिकी ओपन के उपविजेता भी रहे हैं। मरे को आस्ट्रेलियन ओपन और अमेरिकी ओपन के फाइनल में दोनों बार रोजर फेडरर के हाथों हार का सामना करना पड़ा है।
विश्व के 10वीं वरीयता प्राप्त रूस के खिलाड़ी मिखाइल यूज्नी एकल मुकाबले में हारकर बाहर हो गए हैं। यूज्नी को पुरुषों के एकल वर्ग के तीसरे दौर के मुकाबले में कनाडा के क्वालीफायर खिलाड़ी मिलोस रावोनिक ने 6-4, 7-5, 4-6, 6-4 से शिकस्त दी। इससे पहले, यूज्नी ने वर्ष 2008 में आस्ट्रेलियन ओपन के क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था।
इसके अलावा वह वर्ष 2006 और 2010 में अमेरिकी ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचने में कामयाब रहे थे। यूज्नी पिछले वर्ष फ्रेंच ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे थे।
विश्व के 13वीं वरीयता प्राप्त फ्रांस के खिलाड़ी विल्फ्रेड सोंगा की एकल मुकाबले में चुनौती खत्म हो गई है। सोंगा को पुरुषों के एकल वर्ग के तीसरे दौर के मुकाबले में यूक्रेन के खिलाड़ी एलेक्सजेंडर डोलगोपोलोव ने 3-6, 6-3, 3-6, 6-1, 6-1 से हरा दिया।
सोंगा वर्ष 2008 में आस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल तक का सफर तय कर चुके थे। सोंगा ने उसी वर्ष करियर का पहला एटीपी मास्टर्स टेनिस का खिताब जीता था। इसके अलावा वह पिछले वर्ष विम्बल्डन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में कामयाब रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications