समाचार एजेंसी डीपीए से प्राप्त जानकारी के मुताबिक चिली ने शनिवार को मेडेलिन में खेले गए क्वालीफाईंग मुकाबले में कोलंबिया को 4-2 से पराजित किया जबकि अर्जेटीना की टीम खराब प्रदर्शन के बावजूद पेरू को 2-1 से हराने में सफल रही।
अन्य मुकाबलों में उरुग्वे ने एक्वाडोर को 2-1 से और पराग्वे ने वेनेजुएला को 2-1 से पराजित किया। चिली के अलावा पराग्वे और ब्राजील विश्व कप में खेलने की योग्यता हासिल कर चुके हैं।
उधर, इटली, जर्मनी, सर्बिया और डेनमार्क की टीमें भी विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने में कामयाब रहीं। इन चार टीमों के साथ सात यूरोपीय टीमों ने विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। इससे पहले स्पेन, इंग्लैंड और हॉलैंड क्वालीफाई कर चुके हैं।
जर्मनी ने रूस को 1-0 से पराजित किया। जर्मनी की ओर से मिक्रोस्लाव क्लोजे ने विजयी गोल किया। दूसरी ओर, डेनमार्क ने स्वीडन को 1-0 से मात दी।
एक अन्य मुकाबले में सर्बिया ने हंगरी को 5-0 से पराजित किया। सर्बिया की ओर से निकोला जिगिक, मार्को पैंटेलिक और जेड्रावको कुजमानोविक ने शुरुआती तीन गोल दागे। इसके बाद मिलान जावानोविक ने दो गोल दाग कर सर्बिया की भारी जीत सुनिश्चत कर दी।
उधर, आयरलैंड के खिलाफ निवर्तमान विश्व चैम्पिंयन इटली का मैच 2-2 से बराबरी पर छूटा। इस ड्रॉ के बावजूद इटली समूह-8 में शीर्ष पर कायम रहा और उसने विश्व कप के लिए अपनी जगह पक्की कर ली।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।