Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

विश्व कप में अहम किरदार निभाएंगे तेज गेंदबाज : नेहरा

नई दिल्ली, 2 फरवरी (आईएएनएस)। अंतिम ओवरों में भारतीय गेंदबाजी की कमान संभालने वाले आशीष नेहरा को भरोसा है कि आगामी विश्व कप में तेज गेंदबाज अहम भूमिका निभाएंगे। नेहरा के मुताबिक स्पिनरों को मदद करने वाली भारतीय महाद्वीप की पिचों पर तेज गेंदबाजों की एक तरह से परीक्षा होगी।

चोट के कारण चार वर्ष तक टीम से बाहर रहने के बाद वर्ष 2009 में टीम में वापसी करने वाले नेहरा ने कहा कि भारतीय गेंदबाजों ने बीते वर्षो में घरेलू पिचों पर अच्छा प्रदर्शन किया है। इस लिहाज से उनके इस बड़े आयोजन में भी अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद जगती है।

नेहरा ने आईएएनएस से विशेष बातचीत में कहा, "हमारे यहां की पिच आमतौर पर स्पिनरों को मदद करती हैं लेकिन इसके बावजूद इस विश्व कप में तेज गेंदबाजों की भूमिका अहम होगी। 34 ओवरों के बाद गेंद का आकार बदल जाता है, ऐसे में तेज गेंदबाजों को काफी मुश्किलों का भी सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा उन पर पावर-प्ले को लेकर भी दबाव रहेगा। घरेलू हालात में तेज गेंदबाजों के सामने विपक्षी टीमों को 300 रनों के भीतर समेटने की चुनौती होगी।"

नेहरा ने कहा, "भारतीय गेंदबाजों ने बीते वर्षो में घरेलू पिचों पर अच्छा प्रदर्शन किया है। इस लिहाज से उनके इस बड़े आयोजन में भी अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद है। जहीर खान जैसा गेंदबाज हमारे पास है। इसके अलावा प्रवीण कुमार नई गेंद के साथ काफी अच्छा प्रदर्शन करते हैं। हमें बस अपने संसाधनों का ठीक ढंग से उपयोग करना होगा।"

अपने बारे में पूछे जाने पर नेहरा ने कहा कि उन्हें दबाव के क्षणों में गेंदबाजी करने में मजा आता है। नेहरा ने कहा, "दबाव तो होगा लेकिन ईमानदारी से कहूं तो मुझे दबाव में गेंदबाजी करने में मजा आता है। इससे पहले भी मैंने कई बार दबाव में अच्छा प्रदर्शन किया है। मेरे खेल में बदलाव आया है। अब मैं अनुभवी और संयत हो गया हूं। मैं जान गया हूं कि किसी विशेष हालात में कैसी गेंदबाजी करनी है।"

नेहरा ने स्वीकार किया कि टीम से बाहर रहना उनके करियर का सबसे कठिन क्षण था लेकिन एक लिहाज से इस कारण उन्हें फायदा हुआ। बकौल नेहरा, "टीम से बाहर रहकर मैं मानसिक तौर पर मजबूत हुआ। मैंने हालात पर यकीन करना सीखा और अब मैं यह मान गया हूं कि किसी भी हालात में टीम में वापसी की जा सकती है। मैंने इस दौरान वह सब सीखा, जो मैं बीते 27 वर्षो में नहीं सीख सका था।"

जून 2009 में टीम में वापसी करने के बाद से नेहरा ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। वह इस दौरान कुल 45 एकदिवसीय मैचों में 63 विकेट ले चुके हैं। नेहरा ने अपनी इस सफलता पर कहा, "मैंने टीम में वापसी को लेकर कभी भी आशा नहीं छोड़ी थी। मुझे अपने आप को स्थापित करने के लिए एक श्रृंखला की जरूरत थी। यह मौका मुझे श्रीलंका दौरे में मिला।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Wednesday, February 2, 2011, 21:15 [IST]
Other articles published on Feb 2, 2011
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+