नई दिल्ली। दुनिया के नंबर-1 टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर को इंडियन वेल्स टेनिस टूर्नामेंट में अर्जेंटिना के जुआन मार्टिन डेल पोत्रो के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इस साल लगातार सभी मैचों को जीत रहे फेडरर की जीत पर पोत्रो ने लगाम लगा दिया है। दुनिया के 8वें नंबर के खिलाड़ी पोत्रो ने फेडरर को 6-4, 6-7(8), 7-6(2) से हराया। फेडरर ने वर्ल्ड नंबर-49 बोर्ना कोरिक को हराकर फाइनल में कदम रखा था लेकिन उनका छठीं बार खिताब हासिल करने का सपना पोत्रो ने तोड़ दिया।
टेनिस के नंबर-1 खिलाड़ी फेडरर को नंबर-8 खिलाड़ी जुआन मार्टिन डेल पोत्रो से हार का सामना करना पड़ा। तीन सेट के मैच में पोत्रो ने फेडरर को 6-4, 6-7(8), 7-6(2) से मात दी। इस जीत पर पोत्रो ने कहा कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा है। पोत्रो ने कहा, 'मुझे यकीन नहीं हो रहा है कि मैंने ये टूर्नामेंट जीत लिया है। रोजर को हराना एक शानदार फाइनल और खेल था।' पोत्रो डेसर्ट टूर्नामेंट के 42 साल के इतिहास में ये खिताब जीतने वाले पहले अर्जेंटाइन खिलाड़ी बन गए हैं।
जहां पोत्रो की जीत की खुशी का ठिकाना नहीं हैं, वहीं साल की पहली हार फेडरर को काफी बुरी लग रही है। फेडरर के लिए ये साल अभी तक शानदार जा रहा था। उन्होंने साल के सभी 17 मैचों में जीत दर्ज की थी, लेकिन जीत का ये रथ पोत्रो ने रोक दिया। पोत्रो से मिली करारी हार पर फेडरर ने कहा, 'मुझे गुस्सा आ रहा है कि मैंने ऐसा मौका हाथ से जाने दिया।' हालांकि फेडरर ने सोशल मीडिया पर पोत्रो को जीत की बधाई जरूर दी। उन्होंने लिखा, 'क्या गेम था। शानदार टूर्नामेंट और मैच जीतने के लिए बधाई पोत्रो।'
What a battle today. Congrats on a fantastic tournament and match, @delpotrojuan pic.twitter.com/bqf4LyL1B8
— Roger Federer (@rogerfederer) March 19, 2018