श्रीसंत में स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखने के बाद शुक्रवार को उन्हें यहां फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच के बाद उनमें इस बीमारी की पुष्टि हुई। टीम के मैनेजर मयंक पारिख भर अस्पताल में भर्ती हैं लेकिन उनमें अभी स्वाइन फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है।
स्वाइन फ्लू से जुड़े नोडल अधिकारी दीपक भाटिया ने आईएएनएस से कहा, "सावधानी बरतते हुए हमने सभी खिलाड़ियों और अधिकारियों सहित उन सभी लोगों को टैमीफ्लू देने का फैसला किया है जो श्रीसंत के संपर्क में आए थे। अब किसी खिलाड़ी में स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखते हैं तो उसके नमूनों को तत्काल जांच के लिए भेजा जाएगा।"
भाटिया ने कहा, "श्रीसंत को अस्पताल के एक अलग कमरे में रखा गया है और उनकी सेहत में सुधार हो रहा है। अगले तीन से चार दिनों में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।"
श्रीसंत शनिवार शाम मोहाली में श्रीलंका के खिलाफ होने वाले दूसरे ट्वेंटी-20 मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे। नागपुर में खेला गया पहला मैच भी वह पेट में दर्द की शिकायत की वजह से नहीं खेल सके थे।
पंजाब क्रिकेट संघ (पीसीए) का कहना है कि श्रीसंत के बीमार होने से शनिवार के मैच पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा क्योंकि दोनों टोमों में अन्य किसी भी खिलाड़ी में इस बीमारी के लक्षण नहीं हैं।
इंडो-एशियन नयूज सर्विस।
*