पेस और चेक गणराज्य के लुकास डुल्ही की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी को अमेरिका के ट्रेविस पैरट और आस्ट्रेलिया के जार्डन केर की जोड़ी के हाथों 7-6(5), 4-6, 5-10 से हार झेलनी पड़ी।
दूसरी ओर, भूपति और बहामास के मार्क नोल्स की तीसरी वरीय जोड़ी स्वीडन के साइमन एस्पीलिन और आस्ट्रेलिया के पॉल हेनले की जोड़ी से 4-6, 7-6 (6), 7-10 से हार गई।
एकल मुकाबलों में बुधवार को सबसे बड़ा उलटफेर देखने को मिला। विश्व में सर्वोच्च वरीयता प्राप्त टेनिस स्टार स्विडट्जरलैंड के रोजर फेडरर टूर्नामेंट से बाहर हो गए। लेकिन दूसरी वरीयता प्राप्त स्पेन के राफेल नडाल कठिन जीत के साथ दूसरे दौर में पहुंचने में सफल रहे।
पहले दौर के मुकाबले में फ्रांस के जूलियन बेनेत्यू ने फेडरर को 3-6, 7-6 (7-4), 6-4 से पराजित कर सबसे बड़ा उलटफेर किया। वर्ष 2002 के बाद ऐसा पहली बार हुआ है जब फेडरर पेरिस में पहले दौर में ही हार गए हैं।
हार के बाद फेडरर ने कहा, "निश्चित तौर पर मैं और बेहतर खेल दिखा सकता था। फिर भी यह खराब प्रदर्शन नहीं था। जूलियन ने आखिर में बाजी मार ली। मेरा पास मौके थे, लेकिन मैंने गंवा दिए।"
उधर, नडाल को दूसरे दौर में पहुंचने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाना पड़ा। नडाल ने तीन सेट तक चले मुकाबले में हमवतन खिलाड़ी निकोलस अल्माग्रो को 3-6, 7-6 (7-2), 7-5 से पराजित किया।
स्वीडन के रॉबर्ट सोडरलिंग ने इवो कार्लोविक को 6-4, 7-6 (8-6) से पराजित कर दूसरे दौर में जगह बनाई जबकि चिली के फर्नाडो गोंजालेज ने अमेरिका के जॉन इश्नर को 7-5, 7-6 (7-3) से मात दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।