बारिश ने न्यूजीलैंड को किया निराश, नेपियर टेस्ट ड्रॉ
मैच के पांचवें दिन मेजबान टीम को जीत के लिए 208 रन बनाने थे लेकिन दूसरे सत्र के बाद आई जोरदार बारिश ने उसे निराश कर दिया। खेल रोके जाने तक मेजबान टीम ने बिना कोई विकेट खोए 90 रन बना लिए थे।
न्यूजीलैंड के हाथ से एक तरह से जीत फिसल गई क्योंकि सलामी बल्लेबाज टिम मिशिंटोस और अपना पहला टेस्ट खेल रहे ब्रेडले वॉटलिंग की जोड़ी शानदार बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए नाबाद 90 रन जोड़ चुकी थी।
बारिश के कारण खेल रोके जाने तक मिशिंटोस 54 गेंदों पर एक चौके की मदद से 23 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि वॉटलिंग ने अपने करियर का पहला अर्धशतक लगाते हुए 62 गेंदों पर नौ चौकों और एक छक्के की मदद से 60 रन बनाए थे।
इससे पहले, न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान की दूसरी पारी 455 रनों पर समेट दी। पाकिस्तानी टीम ने चौैथे दिन का खेल खत्म होने तक चार विकेट के नुकसान पर 347 रन बनाए थे।
पाकिस्तान की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल 56 रन बनाकर नाबाद लौटे। इसके अलावा चौथे दिन 48 रनों पर नाबाद लौटने वाले उनके छोटे भाई उमर अकमल ने 77 रनों का योगदान दिया।
न्यूजीलैंड की ओर से मार्टिन गुपटिल ने सर्वाधिक तीन विकेट झटके जबकि कप्तान डेनियल विटोरी, इयान ओ' ब्रायन और टिम साउथी ने दो-दो विकेट लिए। क्रिस मार्टिन को एक सफलता मिली।
विटोरी को 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया। इस तरह तीन मैचों की यह टेस्ट श्रृंखला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुई। न्यूजीलैंड ने डुनेडिन में खेला गया पहला टेस्ट मैच 32 रनों से जीता था जबकि पाकिस्तान ने वेलिंग्टन टेस्ट में जीत हासिल की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications