क्रिकेट विश्व कप : क्या कहते हैं विदेशी अखबार (डायरी) (राउंडअप)
नई दिल्ली, 27 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तानी अखबार 'द एक्सप्रेस ट्रिब्यून' के अनुसार कप्तान शाहिद अफरीदी का कहना है कि आईसीसी क्रिकेट विश्व कप-2011 के अंतर्गत श्रीलंका के खिलाफ मिली जीत से उन्होंने अन्य टीमों को यह संदेश देने की कोशिश की है कि उनकी टीम मैच दर मैच बेहतर प्रदर्शन करेगी जिससे अन्य टीमों के लिए मुश्किल हो सकती है।
पाकिस्तान ने शनिवार को खेले गए एक अहम मुकाबले में श्रीलंका को 11 रनों से पटखनी देकर विश्व कप में लगातार दूसरी जीत दर्ज की थी। पाकिस्तान ने अपने पहले मुकाबले में केन्या को 210 रनों के भारी अंतर से हराकर विश्व कप में शानदार शुरुआत की है।
पत्र के मुताबिक अफरीदी ने कहा, "हमारे लिए यह बड़ी जीत है। मुझे लगता है कि श्रीलंका के खिलाफ जीत से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और ऐसा होना भी चाहिए। इसके अलावा इस जीत से हमें आगे के मैचों में बेहतर करने की प्रेरणा मिलेगी।"
विश्व कप में पाकिस्तान का अगला मुकाबला कनाडा के साथ तीन मार्च को कोलम्बो के आर.प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा।
अफरीदी ने कहा, "यह एक बड़ा मुकाबला था। मिस्बाह उल हक और यूनिस खान ने परिपक्व क्रिकेट खेली।"
------------
सलामी बल्लेबाजों की आक्रमकता पर रमीज ने उठाए सवाल
द एक्सप्रेस ट्रिब्यून (पाकिस्तानी अखबार) : पूर्व कप्तान रमीज राजा ने पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाजों अहमद शहजाद और मोहम्मद हफीज की आक्रमकता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पाकिस्तान ने आईसीसी क्रिकेट विश्व कप-2011 के अंतर्गत खेले गए अपने पहले मुकाबले में केन्या के खिलाफ महज 12 रन के कुल योग पर अपने दोनों सलामी बल्लाबाजों का विकेट गंवा दिया था। केन्या के खिलाफ ये दोनों बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए थे।
पत्र के मुताबिक रमीज ने कहा, "मुझे नहीं पता कि इन दोनों सलामी बल्लेबाजों ने रक्षात्मक रुख क्यों अपनाया। न्यूजीलैंड दौरे पर इन दोनों ने बेहतर खेल दिखाया था। इनको शीर्ष क्रम में आक्रामक रुख अपनाए रखना चाहिए थे।"
रमीज ने कहा, "पाकिस्तानी टीम के क्षेत्ररक्षण में सुधार हुआ है। एकदिवसीय मुकाबलों में क्षेत्ररक्षण का अहम भूमिका है।"
------------------
डेली स्टार (बांग्लादेशी अखबार) : आयरलैंड क्रिकेट टीम के कप्तान विलियम पोर्टरफील्ड ने कहा है कि उनकी टीम आईसीसी क्रिकेट विश्व कप-2011 के अन्य मुकाबलों में वापसी करने को बेकरार है।
विश्व कप के अंतर्गत शुक्रवार को खेले गए अपने पहले मुकाबले में आयरलैंड को बांग्लादेश के हाथों 27 रनों से मात खानी पड़ी थी।
पत्र के मुताबिक, पोर्टरफील्ड ने कहा, "हमने पहले मुकाबले में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। हमें बल्ले से शानदार प्रदर्शन करना होगा और हम वापसी के लिए पूरी तरह तैयार हैं।"
पोर्टरफील्ड ने कहा, "टूर्नामेंट में बने रहने के लिए आपको लगातार अच्छा खेल दिखाना होगा। हमें अभी और मुकाबले खेलने हैं। हमें इस टूर्नामेंट में दिखा देना है कि हम क्या कर सकते हैं।"
आयरलैंड का अगला मुकाबला चार मार्च को वेस्टइंडीज के साथ मीरपुर के शेर-ए- बांग्ला स्टेडियम में खेला जाएगा।
-------------------
अब तक हमने बेहतरीन क्रिकेट खेली है : तमीम
(डेली स्टार) : बांग्लादेशी क्रिकेट टीम के उप कप्तान तमीम इकबाल ने कहा है कि उनकी टीम ने विश्व कप-2011 के अपने शुरुआती दो मुकाबलों में शानदार क्रिकेट खेला है।
विश्व कप के उद्घाटन मुकाबले में बांग्लादेश को भारत के हाथों 87 रनों से शिकस्त खानी पड़ी थी वहीं दूसरे मुकाबले में उसने आयरलैंड को 27 रनों से हराया था।
पत्र के मुताबिक तमीम ने कहा, "मैं पूरी तरह इस बात से आश्वस्त हूं कि हमने दोनों मुकाबलों में बेहतर क्रिकेट खेला है। एक मुकाबले में हमारे बल्लेबाजों ने बढ़िया प्रदर्शन किया वहीं दूसरे मुकाबले में गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की। हमें बड़ी टीमों के खिलाफ अगर जीत हासिल करनी है तो सभी क्षेत्रों में हमें अच्छा प्रदर्शन करना होगा।"
आयरलैंड के खिलाफ तमीम ने 44 रन की शानदार पारी खेली थी। बांग्लादेश ने पिछले वर्ष अपने घर पर न्यूजीलैंड और जिम्बाब्वे को एकदिवसीय श्रृंखला में मात दी थी।
तमीम ने कहा, "मैं हमेशा से कहते आया हूं कि जीत एक आदत होती है। हमने हाल में न्यूजीलैंड और जिम्बाब्वे को मुश्किल परिस्थितयों में हराया है। हमने मुश्किल के समय में मैच जीतना सीख लिया है।"
-----------------
डेली मिरर (श्रीलंका का अखबार) : पाकिस्तान के हाथों मिली हार के बाद श्रीलंकाई प्रशंसक अपनी टीम से बेहद निराश हैं और उन्होंने टीम की जमकर आलोचना की है।
श्रीलंकाई क्रिकेट टीम आईसीसी क्रिकेट विश्व कप-2011 के अंतर्गत शनिवार को खेले गए एक मुकाबले में पाकिस्तान के हाथों 11 रनों से हार गई थी।
पत्र के मुताबिक अनुराधा नाम की एक प्रशंसक ने कहा, "खिलाड़ी केवल विज्ञापन पर ध्यान दे रहे हैं। खेल की ओर उनका बिल्कुल भी ध्यान नहीं है। वे देश के लिए नहीं बल्कि अपने लिए खेल रहे हैं। यह परिणाम बिल्कुल भी स्वीकार योग्य नहीं है।"
एक अन्य प्रशंसक सुनील परेरा ने कहा, "हमारी टीम विश्व कप विजेता बनने के लायक है लेकिन हमें इससे अधिक मेहनत की जरूरत है। मीडिया में श्रीलंकाई टीम को ज्यादा तवज्जो मिल रही है और उसे टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही विजेता घोषित कर दिया गया है।"
-----------------
जयवर्धने ने केन्या से सावधान रहने को कहा
(डेली मिरर) : श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान माहेला जयवर्धने ने अपनी टीम को केन्या के खिलाफ आईसीसी क्रिकेट विश्व कप-2011 के अंतर्गत मंगलवार को खेले जाने वाले मुकाबले में सतर्क रहने को कहा है।
केन्याई टीम ने श्रीलंका को वर्ष 2003 के विश्व कप में 53 रनों से हराकर उसे सेमीफाइनल में प्रवेश करने से वंचित कर दिया था।
पत्र के मुताबिक जयवर्धने ने कहा, "केन्या के हाथों हारने का गम हमें आज भी है और सभी खिलाड़ियों को उनसे सतर्क रहने की जरूरत है। हमारा ध्यान इस समय केन्या के खिलाफ होने वाले मुकाबले पर है।"
जयवर्धने ने कहा, "हमें आगे कुछ बड़ी टीमों के साथ मुकाबले खेलने हैं। मुझे उम्मीद है कि हम बेहतर प्रदर्शन करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications