पूर्व कप्तान और धुरंधर बल्लेबाज केविन पीटरसन 143 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 81 रनों की नायाब पारी खेलने के बाद रन आउट हुए। पीटरसन ने जोनाथन ट्रॉट के साथ चौथे विकेट के लिए 145 रन जोड़े। यह विकेट 172 रनों के कुल योग पर गिरा।
इंग्लैंड की टीम ने एक समय मात्र 27 रन पर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे लेकिन ट्रॉट और पीटरसन ने शानदार अर्धशतक जड़कर उसे मुश्किल से उबारने का काम किया। खबर लिखे जाने तक मेहमान टीम ने 62 ओवरों की समाप्ति तक चार विकेट के नुकसान पर 176 रन बना लिए थे।
ट्रॉट ने 156 गेंदों का सामना करते हुए सात चौकों की मदद से 59 रन बनाए थे जबकि पॉल कोलिंगवुड ने खाता नहीं खोला था। इंग्लैंड को जीत के लिए 188 रनों की जरूरत है जबकि पांचवें दिन 32 ओवरों का खेल शेष है।
चौथे दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट खोकर 11 रन बनाने वाली इंग्लैंड टीम ने मैच के पांचवें दिन के पहले सत्र में जेम्स एंडरसन (10) और एलिस्टर कुक (12) के विकेट गंवाए।
दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 418 रन बनाए थे जबकि इंग्लैंड की पहली पारी 356 रनों पर सिमट गई थी। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने हाशिम अमला के 100 रनों की बदौलत सात विकेट पर 301 (घोषित) रन बनाकर इंग्लैंड के सामने 364 रनों का लक्ष्य रखा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।