मेलबर्न टेस्ट : इंग्लैंड की बढ़त 300 के पार (लीड-2)
मेलबर्न, 27 दिसम्बर (आईएएनएस)। इंग्लैंड ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे एशेज श्रृंखला के चौथे टेस्ट मैच के दूसरे दिन मध्यक्रम के बल्लेबाज जोनाथन ट्रॉट के नाबाद शतक (125) की मदद से अपनी पहली पारी में चायकाल के बाद खेलते हुए पांच विकेट खोकर 400 रन बना लिए हैं। इस तरह टीम को 302 रन की बढ़त हासिल हो चुकी है। आस्ट्रेलिया की पहली पारी मात्र 98 रन पर सिमट गई थी।
ट्रॉट (125) और मैट प्रायर (48) बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। पहले दिन के नाबाद बल्लेबाज कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस दूसरे दिन 69 रन के स्कोर पर आउट हो गए। सलामी बल्लेबाज ऐलिएस्टर कुक भी 82 रन बनाकर आउट हुए। दोनों बल्लेबाजों को पीटर सिडल ने पवेलियन की राह दिखाई।
केविन पीटरसन 51 रन बनाकर सिडल के शिकार बने। इसके बाद मिशेल जॉनसन ने इंग्लैंड को एक के बाद एक दो झटके दिए। जॉनसन ने पहले पॉल कोलिंगवुड को सिडल के हाथों कैच करा दिया। कोलिंगवुड ने केवल आठ रन बनाए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए इयान बेल भी ज्यादा देर तक विकेट पर नहीं टिक पाए और जॉनसन ने उन्हें एक रन के स्कोर पर ही सिडल के हाथों कैच करा दिया।
इससे पहले, इंग्लैंड ने टॉस जीतने के बाद आस्ट्रेलिया को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया और तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन (44/4) तथा क्रिस ट्रेमलेट (26/4) की कहर बरपाती गेंदों की बदौलत मेजबान टीम की पहली पारी 98 रनों पर समेट दी।
आस्ट्रेलियाई टीम की ओर से माइकल क्लार्क ने सबसे अधिक 20 रन बनाए। आस्ट्रेलिया की तरफ से शेन वाटसन और फिलिप ह्यूज ने पारी की शुरुआत की। टीम के कुल स्कोर में अभी केवल 15 रन ही जुड़े थे कि ट्रेमलेट ने शेन वाटसन के रूप में आस्ट्रेलिया को पहला झटका दिया। वाटसन 12 गेंदों का सामना कर केवल पांच रन ही बना पाए।
वाटसन के आउट होने के बाद मैदान में उतरे कप्तान रिकी पोंटिंग भी ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं रुक पाए और केवल 10 रन बनाकर ट्रेमलेट का शिकार बने। ह्यूज 16 रन बनाकर टिम ब्रेसनन का शिकार बने।
आस्ट्रेलिया की ओर से माइकल क्लार्क ने (20), माइकल हसी ने आठ, स्टीवन स्मिथ ने छह और विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रॉड हाडिन ने पांच रन बनाए।
उल्लेखनीय है कि एशेज श्रृंखला में फिलहाल दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर हैं। एक मैच बेनतीजा रहा था। इंग्लैंड ने एडिलेड में खेला गया दूसरा मुकाबला पारी और 71 रनों से जीता था जबकि आस्ट्रेलिया ने पर्थ में खेले गए तीसरे मुकाबले में 267 रनों के अंतर से जीत हासिल की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications