बेंगलुरू टेस्ट : भारत का शिकंजा मजबूत (राउंडअप)
आस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी टेस्ट श्रृंखला के दूसरे मैच के चौथे दिन दूसरी पारी में आस्ट्रेलिया ने 202 रनों पर अपने सात विकेट गंवा दिए हैं। इस प्रकार उसने भारत पर 185 रनों की बढ़त बना ली है।
भारतीय स्पिन गेंदबाजों ने उम्दा गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए मंगलवार को 202 रनों पर आस्ट्रेलिया के दूसरी पारी के सात विकेट चटका दिए। भारत की ओर से प्रज्ञान ओझा ने तीन और हरभजन सिंह ने दो जबकि जहीर खान व शांताकुमारन श्रीसंत ने एक-एक विकेट लिए।
दूसरी पारी में आस्ट्रेलिया के तीन विकेट शेष हैं और बुधवार को दिन भर का खेल बाकी है। ऐसे में भारतीय गेंदबाज यदि शेष आस्ट्रेलियाई पुछल्ले बल्लेबाजों को जल्दी निपटा देते हैं तो भारत अपनी मजबूत बल्लेबाजी के दम पर मैच जीतने की हरसंभव कोशिश करेगा। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक मिशेल जॉनसन सात और नाथन हॉरित्ज आठ रन बनाकर मैदान पर थे।
चौथे दिन 495 रनों पर भारतीय पारी खत्म होने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे आस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को ओझा और हरभजन ने अपनी फिरकी में इस कदर उलझाया कि कप्तान रिकी पोंटिग को छोड़ उसका कोई भी बल्लेबाज मैदान पर नहीं टिक सका। पोंटिंग ने सर्वाधिक 72 रन बनाए। वह तेज गेंदबाज जहीर खान की गेंद पर वह एलबीडब्ल्यू करार दिए गए।
दूसरी पारी में मेहमान टीम के सलामी बल्लेबाजों शेन वाटसन और साइमन कैटिच ने बेहतरीन शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 58 रनों की साझेदारी की। प्रज्ञान ओझा ने वाटसन को पगबाधा कर इस जोड़ी को तोड़ा। वाटसन ने 31 रन बनाए। इसके कुछ देर बाद ही कैटिच 24 रन बनाकर हरभजन सिंह का शिकार बन गए। ओझा ने माइकल क्लार्क के रूप में भारत को तीसरी सफलता दिलाई।
माइक हसी भी 20 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर चलते बने। उनके रूप में आस्ट्रेलिया को चौथा विकेट गिरा। हसी को भी ओझा ने ही अपना शिकार बनाया। पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी करने बाले मार्क्स नार्थ को इस बार हरभजन ने अपनी फिरकी में उलझा लिया और वह अपने व्यक्तिगत स्कोर में महज तीन ही रन जोड़ पाए। भज्जी ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया।
भारत को पोंटिंग के रूप में छठी सफलता मिली। जमकर खेल रहे पोंटिंग जहीर की एक गेंद को पढ़ने में चूक गए और अम्पायर ने उन्हें एलबीडब्ल्यू करार दिया। टिम पैन के रूप में भारत को सातवीं सफलता मिली। उन्हें श्रीसंत ने कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के हाथों विकेट के पीछे लपकवाया।
इससे पहले, मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के शानदार दोहरे शतक की बदौलत भारतीय टीम ने पहली पारी में 495 रन बनाए। भारत ने पहली पारी के आधार पर 17 रनों की बढ़त हासिल की। चौथे दिन सचिन के पेवेलियन लौटने के बाद भारत के पुछल्ले बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके। मास्टर ब्लास्टर के आउट होने के बाद भारत के शेष चार बल्लेबाजों ने मिलकर कुल नौ रन ही जोड़े। आस्ट्रेलिया की ओर से मिशेल जानसन ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए। उनके अलावा पीटर जॉर्ज और नाथन हॉरिट्ज ने दो-दो विकेट लिए।
सचिन ने 363 गेंदों का सामना करते हुए 22 चौकों और दो छक्कों की मदद से 214 रन बनाए। टेस्ट करियर में सचिन का यह छठा दोहरा शतक है। उनके अलावा भारत की ओर से वीरेंद्र सहवाग ने ही छह बार दो सौ से अधिक का आकड़ा पार किया है आस्ट्रेलिया के खिलाफ सचिन ने दूसरी बार दोहरा शतक लगाया है।
मैच के तीसरे दिन ही सचिन ने हॉरिट्ज की गेंद पर छक्का लगाकर अपने टेस्ट करियर का 49वां शतक पूरा किया था। मास्टर ब्लास्टर ने यहीं टेस्ट मैचों में अपने 14,000 रन भी पूरे किए। श्रंखला में 0-1 से पीछे चल रही आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने पहली पारी में 478 रन बनाए थे। मेहमान टीम की ओर से मार्कस नॉर्थ ने 128, कप्तान रिकी पोंटिंग ने 77 और सलामी बल्लेबाज ने 57 रनों की पारी खेली थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications