सेंचुरियन टेस्ट : भारत की शर्मनाक हार (लीड-1)
दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी के आधार पर 484 रनों से पिछड़ रही भारतीय टीम की दूसरी पारी 459 रनों पर सिमट गई। भारत ने अपनी पहली पारी में 136 रन बनाए थे जबकि मेजबान टीम ने अपनी पहली पारी 4 विकेट पर 620 रन बनाकर घोषित की थी।
तेंदुलकर ने पारी की हार टालने की कोशिश जरूर की लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई मदद नहीं मिली। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और अंतत: भारत हार गया।
तेंदुलकर ने 241 गेंदों पर 13 चौके और एक छक्के की मदद से 111 रन बनाए और वह अंत तक नाबाद रहे।
आठ विकेट के नुकसान पर 454 रनों से आगे खेलते हुए भारतीय टीम पांचवें दिन कुल योग में मात्र पांच रन ही जोड़ सकी और सस्ते में उसने अपने दोनों विकेट गंवा दिए।
चौथे दिन की खेल की समाप्ति तक भारत ने आठ विकेट पर 454 रन बनाए थे। तेंदुलकर 107 और श्रीसंत आठ गेंदों पर तीन रन बनाकर सचिन का साथ निभा रहे थे।
मैच के पांचवें और अंतिम दिन श्रीसंत कल के अपने निजी स्कोर में बिना कोई रन जोड़े एल्बी मोर्कल की गेंद पर एबी डीविलियर्स को कैच थमा बैठे।
इसके बाद तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने जयदेव उनादकट को एक रन के निजी स्कोर पर एश्वेल प्रिंस के हाथों कैच करवाकर भारतीय पारी का अंत किया।
विपरीत परिस्थितियों में शानदार पारी खेलते हुए तेंदुलकर और धौनी ने सातवें विकेट के लिए 172 रनों की साझेदारी की। भारतीय क्रिकेट टीम ने 277 रनों पर ही अपने छह विकेट गंवा दिए थे।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से 'मैन ऑफ द मैच' रहे जैक्स कैलिस ने 201 रनों की नाबाद पारी खेली थी जबकि हाशिम अमला ने 140 और डिविलियर्स ने 129 रन बनाए थे।
हार से निराश धौनी ने कहा,"टॉस जीतना ही आधा मैदान मार लेना जैसा होता है। दक्षिण अफ्रीका ने शानदार प्रदर्शन किया। अफ्रीकी गेंदबाजों ने अच्छी गेंदबाजी की। हमारे लिए यह अच्छी बात रही कि कई बल्लेबाजों ने दूसरी पारी में अच्छी बल्लेबाजी की जो टीम के लिए अच्छा है।"
जीत से गदगद ग्रीम स्मिथ ने कहा,"इस जीत से मैं बेहद खुश हैं। यह एक बड़ी श्रृंखला है। हमारे गेंदबाजों ने पहले दिन अच्छी गेंदबाजी की। उम्मीद करता हूं हम आगे भी शानदार प्रदर्शन करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications