Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

अभ्यास मैच : भारत ने न्यूजीलैंड को 117 रनों से हराया (लीड-9)

तीन दिनों के भीतर भारत ने दूसरा अभ्यास मैच जीता है। इससे पहले रविवार को उसने बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में अपने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत मौजूदा चैम्पियन आस्ट्रेलिया को 38 रनों से मात दी थी।

रविवार को भारतीय बल्लेबाजों ने जहां निराश किया था वहीं बुधवार को बल्लेबाजों की ही बदौलत भारत टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 360 रन बनाने में सफल रहा। इसमें कप्तान महेंद्र सिंह धौनी का शानदार नाबाद शतक शामिल है।

जवाब में खेलने उतरी कीवी टीम पहाड़ सरीखे लक्ष्य के सामने लड़खड़ा गई। ब्रेंडन मैक्लम (58) और मार्टिन गुपटिल (38) ने उसे हालांकि अच्छी शुरुआत दी थी लेकिन इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने मैच का रुख अपनी ओर मोड़ लिया। जेसी राइडर के 32 रन कीवी टीम के किसी काम न आए।

पीयूष चावला, आशीष नेहरा, युवराज सिंह और हरभजन सिंह की शानदार गेंदबाजी के आगे कीवी टीम 43.1 ओवरों में 243 रन बनाकर पेवेलियन लौट गई। स्कॉट स्टायरिस (20) के अलावा नेथन मैक्लम (नाबाद 29) ने अपनी टीम को जीत दिलाने के की मुहिम शुरू की थी लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने उन्हें ऐसा नहीं करने दिया। इस तरह भारत यह मैच 117 रनों से जीतने में सफल रहा।

भारत के लिए अभ्यास मैचों का दौर खत्म हो चुका है। दो अभ्यास मैचों से उसने जो कुछ सीखा है उसे अब हकीकत में तब्दील करने का वक्त आ गया है। गुरुवार को विश्व कप का आधिकारिक उद्घाटन है और इसके बाद 19 फरवरी को बांग्लादेश की राजधानी ढाका के बाहरी इलाके मीरपुर में स्थित शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में टीम इंडिया का सामना बांग्लादेश के साथ होगा।

इससे पहले, भारत ने न्यूजीलैंड के सामने 361 रनों का लक्ष्य रखा। भारत के लिए कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने शानदार शतक लगाया जबकि सुरेश रैना, गौतम गम्भीर और विराट कोहली ने अर्धशतक लगाए। भारतीय बल्लेबाजों ने विश्व कप से ठीक पहले मिले अभ्यास के इस अंतिम मौके का भरपूर फायदा उठाया और खुलकर हाथ दिखाए।

धौनी ने जहां 64 गेंदों की तूफानी पारी में 11 चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 108 रन बनाए वहीं रैना ने 26 गेंदों पर चार चौकों और तीन छक्कों की सहायता से 50 रन जोड़े। गम्भीर बेशक शतक से चूक गए लेकिन उन्होंने 85 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 89 रनों की बेहद उपयोगी पारी खेली। गम्भीर के रूप में भारत ने अपना चौथा विकेट गंवाया था। इसके बाद उसे रैना के रूप में एक और झटका लगा लेकिन तब तक भारत काफी अच्छी स्थिति में पहुंच चुका था।

निर्धारित 50 ओवरों की समाप्ति तक भारत ने पांच विकेट के नुकसान पर 360 रन बनाए। इसमें कोहली के भी 59 रन शामिल हैं। कोहली का विकेट 148 रन के कुल योग पर गिरा। कोहली ने 68 गेंदों पर सात चौके लगाए। इसके बाद गम्भीर ने अपने पुराने अंदाज में खेल रहे कप्तान के साथ चौथे विकेट के लिए 68 रन जोड़े। इससे पहले गम्भीर ने विराट कोहली के साथ तीसरे विकेट के लिए 106 रन जोड़े थे।

भारत ने 42 रन के कुल योग पर वीरेंद्र सहवाग के रूप में अपना दूसरा विकेट गंवाया था जबकि 35 रन के कुल योग पर सचिन तेंदुलकर पेवेलियन लौटे थे। तेंदुलकर 23 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 17 रन बनाने के बाद टिम साउदी की गेंद पर बोल्ड हुए थे। तेंदुलकर ने आउट होने से पहले साउदी की गेंद पर चौका लगाया था लेकिन सीधे मिडिल स्टम्प की ओर आती अगली गेंद को वह ठीक से पढ़ नहीं सके।

गेंद उनके बल्ले से लगने के बाद विकेट में घुस गई। सहवाग को जैकब ओरम ने बोल्ड किया। आस्ट्रेलिया के खिलाफ अर्धशतक लगाने वाले सहवाग ने 30 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके लगाए। वह ओरम की नीची लेकिन सीधी गेंद पर बोल्ड हुए।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Wednesday, February 16, 2011, 22:45 [IST]
Other articles published on Feb 16, 2011
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+