वीरेंदर सहवाग ने अर्धशतक लगाया
विश्व कप के ठीक पहले ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ अभ्यास मैच में भारतीय बल्लेबाज़ों ने निराशाजनक प्रदर्शन किया. भारत की टीम 44.3 ओवर में 214 रन बनाकर आउट हो गई.
बंगलौर में हो रहे इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी भारतीय टीम कभी भी पूरे जोश में नहीं नज़र आई.
शुरू में वीरेंदर सहवाग और विराट कोहली और बाद में यूसुफ़ पठान और कुछ हद तक आर अश्विन ने दर्शकों को कुछ बेहतरीन शॉट्स का दीदार कराया.
लेकिन कुल मिलाकर टीम ने निराश किया. गौतम गंभीर सिर्फ़ छह रन बनाकर आउट हो गए. वीरेंदर सहवाग और विराट कोहली ने अच्छी साझेदारी की कोशिश की.
लेकिन विराट कोहली के 21 रन बनाकर आउट होने के बाद भारतीय बल्लेबाज़ी बिखरने लगी. युवराज सिंह एक रन बनाकर आउट हो गए तो कप्तान धोनी ने 11 रन बनाए. सुरेश रैना ने 12 और हरभजन सिंह ने चार रन बनाए.
पाँचवें विकेट के रूप में आउट हुए वीरेंदर सहवाग ने सर्वाधिक 54 रन बनाए.
पीयूष चावला तो अपना खाता भी नहीं खोल पाए. लेकिन यूसुफ़ पठान ने अपने अंदाज़ में कुछ अच्छे शॉट्स लगाए लेकिन एक के बाद एक आक्रामक शॉट लगाने के चक्कर में वे 32 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.
आख़िरी विकेट के लिए आर अश्विन और आशीष नेहरा ने 27 रन जोड़े. अश्विन 25 रन बनाकर नाबाद रहे तो नेहरा 19 रन बनाकर आउट हुए.
ऑस्ट्रेलिया की ओर से ब्रेट ली ने 35 रन देकर तीन विकेट लिए. हैस्टिंग्स और डेविड हसी ने दो-दो विकेट लिए. बॉलिंजर, क्रेज़ा और मिचेल जॉनसन ने एक-एक विकेट लिए.
इस मैच में सचिन तेंदुलकर और ज़हीर ख़ान नहीं खेल रहे हैं और न ही इस मैच को अंतरराष्ट्रीय मैच का दर्जा ही हासिल है.