Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

क्रिकेट विश्व कप : शेख हसीना ने की शुरुआत की घोषणा (लीड-3)

अपने सम्बोधन में हसीना ने कहा कि क्रिकेट माध्यम से विश्व में एकता और सद्भाव बढ़ेगा। साथ ही हसीना ने विश्व कप की मेजबानी दिए जाने को लेकर आईसीसी का धन्यवाद किया।

हसीना के सम्बोधन से पहले आईसीसी अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि क्रिकेट के लिए यह ऐतिहासिक क्षण है क्योंकि इस विश्व कप को इसके शानदार उद्घाटन समारोह के लिए हमेशा याद किया जाएगा।

पवार ने कहा, "यह क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक दिन है। हम इतिहास बनाने जा रहे हैं। इस विश्व कप को इसके शानदार उद्घाटन समारोह के लिए हमेशा याद किया जाएगा।"

पवार ने उद्घाटन समारोह के शानदार आयोजन के लिए प्रधानमंत्री शेख हसीना, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) और इस आयोजन से जुड़े आईसीसी के तमाम अधिकारियों का धन्यवाद किया।

साथ ही साथ विश्व कप-2011 को सफल बनाने की दिशा में अपना सहयोग देने के लिए पवार ने भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे और उनकी सरकार का भी धन्यवाद किया।

पवार से पहले बीसीबी अध्यक्ष और बांग्लादेश के खेल मंत्री ने लोगों को संबोधित किया। उसके बाद बंगबंधु स्टेडियम बसंती रंग में रंग गया। फिल्म 'रंग दे बसंती' के टाइटल गीत पर भारतीय कलाकारों ने रंगों और भावों के शानदार संयोजन के साथ दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने वाला नृत्य किया।

रंग दे बसंती से पहले स्टेडियम में महाराष्ट्र का एक गीत-संगीत पेश किया गया। महाराष्ट्र में ही विश्व कप का फाइनल मुकाबला खेला जाना है। भारत को अपने हिस्से का कार्यक्रम पेश करने के लिए कुल 20 मिनट का समय मिला और इस दौैरान भारतीय कलाकारों ने अपने शानदार संयोजन से सबका मन मोह लिया।

इससे पहले आम लोगों की सवारी रिक्शा उस पल खास बन गया जब सभी 14 टीमों के कप्तान इस पर सवार होकर उद्घाटन समारोह के लिए ऐतिहासिक बंगबंधु स्टेडियम पहुंचे।

कप्तानों के रिक्शे पर सवार होकर स्टेडियम में पहुंचने की खबर दुनिया भर के समाचार पत्रों में पहले ही प्रकाशित हो चुकी थी लेकिन इस पल का सभी को इंतजार था क्योंकि यह बांग्लादेश में आम लोगों की सवारी को खास दर्जा देने और अपनी संस्कृति को जिंदा रखने की बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और यहां की सरकार की खास पहल थी।

इससे पहले कभी भी विश्व कप में हिस्सा लेने वाले देशों के कप्तान रिक्शे में सवार होकर उद्घाटन समारोह में नहीं पहुंचे थे। कुछ कप्तानों के लिए तो रिक्शे की सवारी का यह पहला मौका होगा।

बहरहाल सभी कप्तानों ने रिक्शे की इस संक्षिप्त सवारी का लुत्फ लिया और मुस्कुराते हुए क्रिकेट प्रेमियों का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद सभी कप्तान स्टेडियम के मध्य में बने पोडियम पर कतारबद्ध हो गए।

कप्तानों के आने से पहले विश्व कप का शुभंकर स्टम्पी एक रिक्शे पर सवार होकर स्टेडियम में पहुंचा था। स्टम्पी को लोगों ने खूब प्यार दिया। इसके बाद भारतीय फिल्मों के मशहूर गायक सोनू निगम ने एक आकर्षक गीत प्रस्तुत किया।

दुल्हन की तरह सजाए गए इस स्टेडियम में सभी 14 टीमों के खिलाड़ियों और अधिकारियों के अलावा प्रधानमंत्री शेख हसीना, पवार और विश्व क्रिकेट के कई गणमान्य लोग हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम की शुरुआत बांग्लादेश के राष्ट्रगान 'आमार सोनार बांग्ला..' से हुई।

भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश की संयुक्त मेजबानी में होने जा रहे क्रिकेट के इस महाआयोजन के लिए बांग्लादेश की राजधानी में सुरक्षा मुस्तैद कर दी गई है। 43 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन के दौरान तीन देशों के 13 आयोजन स्थलों पर कुल 51 मैच खेले जाएंगे।

उद्घाटन समारोह के दौरान 135 मिनट का रंगारंग कार्यक्रम पेश किया जाएगा। इसके बाद गीत, संगीत, नृत्य और लेजर शो के जरिए दर्शकों का मन मोहने का प्रयास किया जाएगा। इसे देखने के लिए स्टेडियम में 40,000 से अधिक लोग मौजूद हैं।

विश्व कप के उद्घाटन समारोह का आयोजन भारतीय कम्पनी विचक्राफ्ट इंटरटेनमेंट ने किया है। इसी कम्पनी ने अक्टूबर में भारत में हुए राष्ट्रमंडल खेलों के उद्घाटन समारोह और समापन समारोह का आयोजन किया था। इन दोनों आयोजनों को दुनिया भर ने सराहा था।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:58 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+