स्टायरिस ने रविवार को बेंगलुरू में भारत और आस्ट्रेलिया के बीच खेले गए अहम अभ्यास मुकाबले का परिणाम देखने के बाद यह बयान दिया।
स्टायरिस ने कहा, "अगर पिच बेंगलुरू जैसा स्पिन लेगी तो फिर यह विश्व कप देखने लायक होगा। भारतीय उपमहाद्वीप में वैसे भी स्पिनर खास भूमिका निभाते हैं लेकिन ऐसी दशा में तो उनकी भूमिका और अहम हो जाएगी।"
स्टायरिस की तर्ज पर कीवी टीम के भरोसेमंद बल्लेबाज रॉस टेलर ने भी कहा कि उनकी टीम में विटोरी जैसा विश्वस्तरीय स्पिनर है और इस कारण उनकी टीम का मनोबल ऊंचा है।
टेलर ने कहा, "बुधवार को होने वाले अहम अभ्यास मैच में हमें भारतीय टीम को बैकफुट पर लाने का प्रयास करना होगा। हमारे लिए स्पिनरों के खिलाफ अच्छा खेल दिखाना जरूरी होगा और इसके लिए सभी को तैयार रहना होगा।"
स्टायरिस ने कहा कि उन्हें भारत में खेलना हमेशा से पसंद रहा है। बकौल स्टायरिस, "भारतीय उपमहाद्वीप में विश्व कप का होना सचमुच में बहुत अच्छा अनुभव है। यहां के स्टेडियम बड़े हैं और मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचते हैं। क्रिकेट यहां के लोगों के दिलों में बसता है और यही कारण है कि यहां का माहौल हमेशा रोमांचक होता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।