फार्मूला वन : कार्तिकेयन का प्रायोजक बना टाटा मोटर्स
पांच वर्ष पहले जब भारत के एकमात्र फार्मूला वन चालक नारायण कार्तिकेयन एफ-1 सर्किट में उतरे थे तब देश की अग्रणी वाहन निर्माता कम्पनी टाटा मोटर्स ने बतौर प्रायोजक उनकी हौसलाअफजाई की थी लेकिन इसके बाद टाटा ने उनसे सम्बंध तोड़ लिया था।
अब जबकि इस वर्ष के एफ-1 कैलेंडर में एक ग्रां पी रेस भारत में भी होनी है, टाटा मोटर्स ने अपने उत्पादों के प्रचार के लिए एक बार फिर कार्तिकेयन का साथ देने का फैसला किया है।
इंडियन ग्रां पी नाम से होने वाली यह रेस दिल्ली के करीब ग्रेटर नोएडा में इस वर्ष 28-30 अक्टूबर के बीच होगी। कार्तिकेयन इस वर्ष हिस्पानिया टीम के लिए एफ-1 सर्किट में उतर रहे हैं।
वैसे टाटा और कार्तिकेयन का रिश्ता बहुत पुराना रहा है। दोनों के बीच का यह रिश्ता 2002 में पहली बार जुड़ा था। कार्तिकेयन टाटा लीमैन्स रेसिंग टीम के लिए भी कार चला चुके हैं।
टाटा मोटर्स ने कार रैली के क्षेत्र में अपने कदम बढ़ाते हुए 'फुल थ्रोटर' नाम से एक नई टीम बनाने की भी घोषणा की। यह टीम डेजर्ट स्ट्राम रैली-2011 में हिस्सा लेगी।
देश की इस प्रतिष्ठित रैली का आयोजन 22 फरवरी से होना है। रैली की शुरुआत अहमदाबाद में होगी जबकि इसका समापन दिल्ली में होना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications