अभ्यास मैच : चावला के झटकों ने आस्ट्रेलिया को दबाव में लाया (लीड-5)
आस्ट्रेलियाई टीम फिलहाल दबाव में हैं। उसके लिए राहत की बात ये है कि कप्तान रिकी पोंटिंग अर्धशतक जमाकर अभी भी मैदान पर टिके हुए हैं। 30.4 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर आस्ट्रेलिया ने 148 रन बना लिए हैं। शेष 19.2 ओवरों में उसे जीत के लिए 67 रन बनाने हैं जबकि उसके चार विकेट अभी शेष हैं। भारत की पूरी टीम 44.3 ओवरों में 214 रन बनाकर पेवेलियन लौट गई थी।
आस्ट्रेलिया की ओर से शेन वाटसन और टिम पेन ने पारी की शुरुआत की। वाटसन ने 26 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 33 रनों की तेज पारी खेली। आठवें ओवर में शांताकुमारन श्रीसंत की गेंद पर पीयूष चावला ने उनका शानदार कैच लपका। उस समय टीम का स्कोर 51 रन था।
वाटसन के आउट होने के बाद कप्तान रिकी पोंटिंग ने पेन के साथ मोर्चा संभाला। 22वें ओवर में 37 रन के निजी स्कोर पर युवराज सिंह ने पेन को पेवेलियन की राह दिखाई। उस वक्त टीम का स्कोर 118 था।
पेन के आउट होने के बाद चावला ने उपकप्तान माइकल क्लार्क, कैमरन व्हाइट, डेविड हसी और कैलम फग्र्यूसन के विकेट प्राप्त कर आस्ट्रेलिया को दबाब में ला दिया। क्लार्क और हसी अपना खाता भी नहीं खोल सके जबकि व्हाइट ने चार और फग्र्यूसन ने आठ रन बनाए।
आस्ट्रेलिया के लिए कप्तान पोंटिंग जीत के उम्मीद बांधे हुए हैं। वह 51 रनों पर नाबाद हैं जबकि दूसरी छोर पर मिशेल जॉनसन उनका साथ दे रहे हैं।
इससे पहले, भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पारी की शुरुआत सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और गौतम गम्भीर ने की। हालांकि शुरुआत अच्छी नहीं रही और गम्भीर छह रन के निजी योग पर तेज गेंदबाज डग बोलिंगर की गेंद पर कैमरन व्हाइट को कैच थमाकर पेवेलियन लौट गए। गम्भीर का विकेट 12 के कुल योग पर गिरा।
विराट कोहली ने कुछ अच्छे शॉट्स लगाए लेकिन वह भी 33 गेंदों पर 21 रन बनाकर चलते बने। कोहली को जॉन हेस्टिंग्स ने डेविड हसी के हाथों लपकवाया। कोहली ने सहवाग के साथ दूसरे विकेट के लिए 42 रन जोड़े। कोहली का विकेट 54 के कुल योग पर गिरा।
युवराज सिंह एक रन पर मिशेल जानसन की गेंद पर ब्रैड हैडिन के हाथों लपके गए। युवराज का विकेट 63 रन के योग पर गिरा।
कप्तान महेंद्र सिंह धौनी 24 गेंदों पर 11 रन बनाकर हैस्टिंग्स के शिकार हुए। धौनी ने सहवाग के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 38 रन जोड़े। धौनी का विकेट 101 के योग पर गिरा। चोट से वापसी कर रहे सहवाग ने 56 गेंदों पर आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 54 रन बनाए। सहवाग का विकेट 113 के योग पर गिरा।
फॉर्म की तलाश कर रहे सुरेश रैना 16 गेंदों पर एक चौके की मदद से 12 रन बनाकर तेज गेंदबाज ब्रेट ली की गेंद पर टिम पायन को कैच थमाकर चलते बने।
रैना का विकेट 132 के योग पर गिरा। हरभजन सिंह चार रन के निजी योग पर ली की गेंद पर बोल्ड हो गए। हरभजन का विकेट 136 के योग पर गिरा।
पीयूष चावला बिना खाता खोले ली की गेंद पर बोल्ड हो गए। चावला का विकेट 138 के योग पर गिरा। हरफनमौला यूसुफ पठान 39 गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 32 रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। डेविड हसी ने यूसुफ को क्रेजा के हाथों लपकवाया। यूसुफ ने रविचंद्रन अश्विन के साथ मिलकर नौंवे विकेट के लिए 49 रन जोड़े।
आशीष नेहरा ने 24 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 19 रन बनाकर हसी की गेंद पर क्रेजा को कैच थमाकर चलते बने। रविचंद्रन अश्विन 25 रन पर नाबाद लौटे। अश्विन ने 46 गेंदों पर दो चौके लगाए। नेहरा और अश्विन ने अंतिम विकेट के लिए 27 रन जोड़े।
आस्ट्रेलिया की ओर से ली ने सर्वाधिक तीन विकेट झटके जबकि हैस्टिंग्स और हसी ने दो-दो विकेट चटकाए वहीं बोलिंगर, जानसन और क्रेजा के खाते में एक-एक विकेट गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications