गम्भीर के मुताबिक घरेलू दर्शकों के समर्थन और घरेलू माहौल का फायदा उठाकर भारतीय टीम दूसरी बार इस खिताब पर कब्जा जमा सकती है। गम्भीर ने यह भी कहा कि घरेलू दर्शकों और माहौल के अलावा टीम इंडिया को हाल के दिनों में किए गए अच्छे प्रदर्शन का फायदा मिलेगा।
एमआरएफ फार्मूला चैम्पियनशिप की शुरुआत करने यहां पहुंचे गम्भीर ने गुरुवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "हमने दक्षिण अफ्रीका में अच्छा प्रदर्शन किया। हमारा यही फार्म जारी रहा तो निश्चित तौर पर हम खिताब के करीब पहुंच सकते हैं।"
गम्भीर एमआरएफ के ब्रांड एम्बेसडर हैं। चोट के कारण वह दक्षिण अफ्रीका के साथ खेली गई टेस्ट श्रृंखला के तीसरे टेस्ट मैच में नहीं खेल सके थे।
गम्भीर ने कहा कि वह अपने पहले विश्व कप में खेलने को लेकर आशान्वित हैं। गम्भीर ने कहा, "मैं कोहनी की चोट से उबर रहा हूं। मुझे आराम की सलाह दी गई है। मैं अपने पहले विश्व कप को लेकर खासा रोमांचित हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।